जूनियर एनटीआर के परिवार में शोक की लहर, नंदमुरी पद्मजा का निधन

KNEWS DESK – साउथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। जूनियर एनटीआर के परिवार में गहरा सदमा छा गया है। नंदमुरी जयकृष्ण की पत्नी और सीनियर एनटीआर की सबसे बड़ी बहू, नंदमुरी पद्मजा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

कौन थीं नंदमुरी पद्मजा?

नंदमुरी पद्मजा, लीजेंडरी अभिनेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक राम राव (एनटीआर) और बसव तारकम की बड़ी बहू थीं। वह जूनियर एनटीआर की आंटी (चाची) थीं। इसके अलावा, वह वरिष्ठ राजनेता दग्गुबाती वेंकटेश्वर राव की बहन भी थीं। राजनीतिक और सिनेमा दोनों ही क्षेत्रों में प्रभावशाली नंदमुरी परिवार की सदस्य होने के नाते उनका विशेष स्थान था।

बीमारी के बाद बिगड़ी तबीयत

रिपोर्ट्स के अनुसार, नंदमुरी पद्मजा बीते कुछ समय से बीमार थीं और लगातार उनका इलाज चल रहा था। सोमवार की रात अचानक सांस लेने में परेशानी बढ़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद वह जिंदगी की जंग हार गईं और मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

इंडस्ट्री और राजनीति में शोक

नंदमुरी पद्मजा के निधन से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना दोनों ही राज्यों में शोक की लहर दौड़ गई है। सिनेमा जगत और राजनीति से जुड़े कई बड़े चेहरे उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। परिवार के इस कठिन समय में इंडस्ट्री और राजनीति जगत से जुड़ी हस्तियां परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रही हैं। नंदमुरी पद्मजा के निधन से न केवल नंदमुरी परिवार बल्कि पूरी साउथ इंडस्ट्री और उनके शुभचिंतकों को गहरा आघात पहुंचा है।