KNEWS DESK – मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। विशाल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर नए और उभरते सिंगर्स को कड़ी चेतावनी दी है। उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि काम पाने के लिए किसी भी नेता या मंत्री की सिफारिश बिल्कुल न कराई जाए।
दरअसल, हाल ही में विशाल ददलानी को एक मंत्री का फोन आया था। यह कॉल किसी नए सिंगर की सिफारिश के लिए किया गया था। इस घटना से नाराज विशाल ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली और ऐसे तरीकों से इंडस्ट्री में आगे बढ़ने की कोशिश करने वालों को आड़े हाथों लिया।
नए सिंगर्स को लगाई दो टूक फटकार
विशाल ददलानी ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि नए सिंगर्स के लिए उनकी एक ही सलाह है—कृपया किसी मंत्री या उनके सेक्रेटरी से उन्हें फोन न करवाएं। उन्होंने कहा कि जो लोग कॉन्टैक्ट्स और सिफारिशों के सहारे आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, उनके लिए उनके मन में कोई सम्मान नहीं है।
https://www.instagram.com/p/DUiIKAQCC7H/
विशाल ने यह भी साफ किया कि जिस मंत्री ने हाल ही में उन्हें कॉल किया था, उसे उन्होंने ब्लॉक कर दिया है और साथ ही उस सिंगर को भी। उन्होंने लिखा कि अब चाहे वह सिंगर कितना भी अच्छा क्यों न हो, उनके साथ काम करने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं रह गई है।
टैलेंट और मेहनत पर भरोसा रखने की सलाह
अपनी पोस्ट में विशाल ददलानी ने आगे कहा कि सिंगर्स को अपने टैलेंट पर भरोसा रखना चाहिए, मेहनत के लिए तैयार रहना चाहिए और धैर्य बनाए रखना चाहिए। उनके मुताबिक, अगर कोई कलाकार सच में अच्छा है, तो उसका समय जरूर आएगा। सिफारिश के दम पर आगे बढ़ने की सोच को उन्होंने पुरानी और बेकार मानसिकता बताया।
विशाल ने यह भी कहा कि इस तरह की हरकतें यह दिखाती हैं कि सामने वाला व्यक्ति खुद अपनी प्रतिभा पर भरोसा नहीं करता।
सोशल मीडिया पर विशाल ददलानी की इस पोस्ट को फैंस का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। कई यूजर्स ने उनके इस बेबाक और ईमानदार रवैये की तारीफ की है।