KNEWS DESK – साउथ और बॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर विजय देवरकोंडा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय देवरकोंडा को डेंगू हो गया है, जिसकी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस खबर के बाद उनके फैंस में चिंता की लहर दौड़ गई है, खासकर तब जब उनकी आगामी फिल्म ‘किंगडम’ इसी महीने 31 जुलाई को रिलीज़ होने जा रही है।
प्रमोशन्स से गायब थे विजय, अब सामने आई असली वजह
पिछले कुछ दिनों से विजय देवरकोंडा ‘किंगडम’ के प्रमोशनल इवेंट्स से गायब नजर आ रहे थे। फैंस और मीडिया लगातार सवाल कर रहे थे कि फिल्म की रिलीज़ नजदीक होने के बावजूद एक्टर कहां हैं? अब उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने से इस सवाल का जवाब भी मिल गया है। बताया जा रहा है कि डेंगू के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें फौरन हॉस्पिटल में एडमिट कराना पड़ा।
कब तक रहेंगे अस्पताल में?
सूत्रों की मानें तो विजय की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और उन्हें 20 जुलाई तक डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। यानी अगले दो दिन वे अस्पताल में ही रहेंगे। हालांकि, अब तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि वह किस अस्पताल में भर्ती हैं, और न ही विजय या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान दिया गया है।
फिल्म ‘किंगडम’ की रिलीज पर असर?
विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘किंगडम’ एक तेलुगू स्पाई एक्शन ड्रामा है, जिसका बजट करीब 100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में विजय के साथ सत्यदेव और भाग्यश्री बोरसे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। चूंकि फिल्म की रिलीज में अब महज़ कुछ ही दिन बाकी हैं, ऐसे में एक्टर का प्रमोशन से दूर रहना फिल्म के बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस को प्रभावित कर सकता है।
विजय देवरकोंडा के फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर #GetWellSoonVijay ट्रेंड कर रहा है। उम्मीद है कि एक्टर जल्द ही रिकवर कर फिल्म के प्रमोशन्स में हिस्सा लेंगे और दर्शकों के बीच लौटेंगे।