KNEWS DESK – मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई वीडियो नहीं बल्कि उनका पारिवारिक विवाद है। सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अनुराग के पिता ने अपने बेटे और बहू से सभी रिश्ते खत्म कर दिए हैं और उन्हें अपनी संपत्ति से भी बेदखल कर दिया है। इस खबर ने उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर दिया है।
वायरल नोटिस से मचा बवाल
वायरल हो रहे इस विज्ञापन में कहा गया है कि अनुराग के पिता ने एक अखबार में सार्वजनिक नोटिस जारी कर अपने बेटे अनुराग डोभाल और उनकी पत्नी रितिका चौहान से सारे संबंध समाप्त कर दिए हैं। नोटिस में यह भी दावा किया गया है कि दोनों को परिवार की संपत्ति से भी बेदखल किया जा रहा है। हालांकि इस नोटिस की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि अनुराग की इंटरकास्ट शादी के बाद परिवार के भीतर तनाव बढ़ गया था। विज्ञापन में मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों का भी जिक्र किया गया है। इन दावों के सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
अनुराग ने लगाए थे गंभीर आरोप
दरअसल, कुछ समय पहले अनुराग डोभाल ने एक वीडियो शेयर कर अपने माता-पिता और भाई कमल पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि मई 2025 में शादी के बाद उन्हें और उनकी पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया गया था। साथ ही उन पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का दबाव भी बनाया गया और लगातार मानसिक उत्पीड़न किया गया।
परिवार ने आरोपों को बताया गलत
अनुराग के परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। परिवार की ओर से कुछ ऑडियो क्लिप भी साझा की गई थीं, जिनमें रितिका से किसी तरह की समस्या न होने की बात कही गई थी। साथ ही यह भी दावा किया गया था कि अलग रहने का फैसला खुद अनुराग की तरफ से लिया गया था।
अब जब पिता के नाम से जारी इस कथित विज्ञापन की चर्चा हो रही है, तो मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अनुराग के भाई ने भी सोशल मीडिया पर संकेत दिया है कि जल्द ही इस पूरे विवाद का सच सामने लाया जाएगा।