KNEWS DESK – महाकुंभ से वायरल हुईं मोनालिसा इन दिनों अपनी शादी को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान संग परिवार के खिलाफ जाकर शादी की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। जहां कुछ लोग इस रिश्ते का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ इसे ‘लव जिहाद’ से जोड़कर विवाद खड़ा कर रहे हैं।
शादी के बाद बढ़ा विवाद
मोनालिसा और फरमान खान ने 11 मार्च को केरल के एक मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद से ही यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इस शादी को लेकर सवाल उठाए, जबकि कपल लगातार इस बात से इनकार करता रहा कि यह ‘लव जिहाद’ का मामला है।
कपल ने मांगी सुरक्षा
हाल ही में मोनालिसा ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह और उनके पति फरमान खान मदद की गुहार लगाते नजर आए। वीडियो में दोनों ने पुलिस, मीडिया और सरकार से सुरक्षा की अपील की है। कपल का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते वे काफी डर के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे अधिकारियों को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
मोनालिसा ने बताया कि उनका परिवार इस शादी से खुश नहीं है और उन्हें अपने ही लोगों से विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से उन्होंने सरकार से सुरक्षा देने की मांग की है, ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें।
पहले भी कर चुके हैं अपील
इससे पहले भी कपल ने केरल सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा था कि उन्हें वहां से समर्थन और सुरक्षा मिली है। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें मिल रही धमकियों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
मोनालिसा ने साफ किया है कि उनकी शादी पूरी तरह से उनकी मर्जी से हुई है और इसमें किसी तरह का दबाव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपना धर्म नहीं बदल रही हैं और हिंदू ही रहेंगी।