KNEWS DESK – टीवी एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित इन दिनों रियलिटी शो ‘द 50’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि वह अब शो से बाहर हो चुकी हैं, लेकिन शो के दौरान हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। रिद्धिमा ने अपने सह-प्रतियोगी और डिजिटल क्रिएटर वंशज सिंह के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन्हें लीगल नोटिस भेजा है और मुंबई साइबर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
शो के टास्क के दौरान शुरू हुआ विवाद
दरअसल, ‘द 50’ के एक टास्क के दौरान रिद्धिमा पंडित और वंशज सिंह के बीच तीखी बहस हो गई थी। बहस के दौरान रिद्धिमा ने वंशज को ‘बदतमीज’ कहा, जिस पर जवाब देते हुए वंशज ने उन्हें ‘आंटी’ कह दिया। शो के अंदर शुरू हुआ यह विवाद बाहर आते ही सोशल मीडिया पर और ज्यादा बढ़ गया।
रिद्धिमा का आरोप है कि शो के बाद वंशज और उनकी टीम ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे यह ट्रोलिंग ऑनलाइन हैरासमेंट में बदल गई।
ऑनलाइन ट्रोलिंग और धमकियों का आरोप
रिद्धिमा का कहना है कि पिछले कई दिनों से उन्हें सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक मैसेज मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें रेप, छेड़छाड़ और जान से मारने तक की धमकियां दी गईं। इतना ही नहीं, उनके परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है।
स्थिति बिगड़ने के बाद रिद्धिमा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना।
वंशज सिंह की प्रतिक्रिया
लीगल नोटिस मिलने के बाद भी वंशज सिंह ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, “प्रिय रिद्धिमा पंडित, आपको अंदाजा भी नहीं है कि आपने किन ताकतों को एक्टिवेट कर दिया है।”
इतना ही नहीं, वंशज ने नोटिस की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए हंसने वाली इमोजी भी पोस्ट की, जिससे विवाद और ज्यादा बढ़ गया।
रिद्धिमा की टीम ने दी पुष्टि
रिद्धिमा पंडित की टीम ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि वंशज सिंह के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामला आगे बढ़ रहा है।
वहीं, शो ‘द 50’ की बात करें तो इसका फिनाले 22–23 मार्च के आसपास होने की संभावना है। फिलहाल शो में प्रिंस नरूला, रजत दलाल, मिस्टर फैजू और अर्चना गौतम जैसे मजबूत कंटेस्टेंट्स अभी भी बने हुए हैं।