KNEWS DESK – रियलिटी शो की दुनिया में कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार का नया शो ‘द 50’ आते ही चर्चा में छा गया है। शो का ग्रैंड प्रीमियर उम्मीदों से कहीं ज्यादा धमाकेदार रहा। जहां एक ओर संगीत का जादू बिखरा, वहीं दूसरी ओर कंटेस्टेंट्स के बीच इतनी तीखी तकरार देखने को मिली कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
म्यूजिकल एंट्री से शुरू हुआ शो
शो की शुरुआत बेहद शानदार और म्यूजिकल रही। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोज़र हिमेश रेशमिया ने अपने सुपरहिट गानों के साथ स्टेज पर एंट्री ली और माहौल बना दिया। कंटेस्टेंट्स हिमेश की धुनों पर झूमते नजर आए।
लेकिन यह मस्ती ज्यादा देर तक नहीं चली। शो के रहस्यमयी मास्टर ‘लायन’ ने एक खास टास्क का ऐलान कर दिया, जिसने पूरे माहौल को पलभर में गंभीर और तनावपूर्ण बना दिया।
करण पटेल बनाम सिद्धार्थ भारद्वाज: पहली ही भिड़ंत
प्रीमियर एपिसोड की सबसे बड़ी हाईलाइट रही करण पटेल और सिद्धार्थ भारद्वाज के बीच हुई जबरदस्त लड़ाई। टास्क के दौरान जीत की होड़ में सिद्धार्थ से करण को धक्का लग गया। इसके बाद टीवी के ‘एंग्री यंग मैन’ करण पटेल अपना आपा खो बैठे। गुस्से में करण ने कहा, “अगली बार बीच में आए तो तुम्हारी हड्डियां तोड़ दूंगा।” इस पर सिद्धार्थ भी पीछे नहीं हटे और तीखे अंदाज में जवाब दिया, “तू होता कौन है मेरी हड्डियां तोड़ने वाला?” दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि बाकी कंटेस्टेंट्स को बीच-बचाव के लिए आगे आना पड़ा।
जब झगड़ा गाली-गलौज तक पहुंचने लगा, तब प्रिंस नरूला ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सिद्धार्थ को शांत कराते हुए कहा, “गाली मत दो, यहां लड़कियां भी हैं। मेरी पत्नी युविका भी यहां है, प्लीज रुक जाओ।” हालांकि प्रिंस के समझाने के बाद भी करण पटेल काफी देर तक सिद्धार्थ के व्यवहार पर नाराजगी जताते नजर आए।
उर्वशी ढोलकिया का जज्बा देख भावुक हुए सभी
शो के पहले ही एपिसोड में एक इमोशनल पल भी देखने को मिला। टीवी की मशहूर एक्ट्रेस उर्वशी ढोलकिया टास्क के दौरान कई बार गिरीं और चोटिल भी हुईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
उर्वशी का हौसला देखकर बाकी कंटेस्टेंट्स ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया। सभी का साथ पाकर उर्वशी भावुक हो गईं और उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा, “उस पल में सबका मुझे मोटिवेट करना मेरे लिए बहुत इमोशनल था।”