KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम बीते कुछ समय से एक विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी अपनी एक टिप्पणी की वजह से सिंगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है, जिसमें उन पर कन्नड़ समुदाय की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया था। हालांकि अब कर्नाटक हाईकोर्ट ने उन्हें बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि उनके खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। इसी क्रम में रविवार को बेंगलुरु पुलिस सोनू निगम का बयान दर्ज करने के लिए उनके मुंबई स्थित घर पहुंची।
वीडियो स्टेटमेंट के लिए पहुंची टीम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु पुलिस की एक टीम, जिसमें एक इंस्पेक्टर और दो अधिकारी शामिल थे, रविवार को सोनू निगम के घर पहुंची। टीम ने वहां सिंगर का वीडियो बयान रिकॉर्ड किया। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, सोनू निगम को अब शारीरिक रूप से कर्नाटक जाकर बयान देने की जरूरत नहीं है। यदि जरूरत पड़ी, तो पुलिस मुंबई में ही उनका बयान दर्ज कर सकती है — और अब ऐसा ही हुआ।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद बेंगलुरु में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जब कुछ दर्शकों ने सोनू निगम से कन्नड़ भाषा में गाने की गुजारिश की, तो उन्होंने इसका जवाब एक ऐसे संदर्भ में दिया, जो बाद में विवाद की वजह बन गया। सोनू निगम ने उस वक्त पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया, जिसे कुछ लोगों ने समुदाय विशेष से जोड़ लिया और इसे अपमानजनक बताया। इसके बाद सिंगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई।
सोनू निगम ने मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद सोनू निगम ने सोशल मीडिया के जरिए माफी भी मांगी थी और यह साफ किया कि उनका मकसद किसी की भावनाएं आहत करना नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका बयान गलत तरीके से समझा गया।