KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम ने हाल ही में राष्ट्रपति भवन में अपनी शानदार प्रस्तुति दी, जिसे वह अपने जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक मानते हैं। सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आभार व्यक्त किया और इस अनुभव को गर्व से भरा क्षण बताया। खास बात यह है कि सोनू निगम राष्ट्रपति भवन के नए ओपन एयर थिएटर में प्रस्तुति देने वाले पहले कलाकार बने हैं, जो उनके करियर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
राष्ट्रपति मुर्मू के साथ शेयर की तस्वीरें
सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम पर इस खास कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ नजर आए। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मेरे देश ने मुझे और मेरे परिवार को बहुत कुछ दिया है। राष्ट्रपति जी, आपके प्यार और गर्मजोशी के लिए धन्यवाद। आप एक देवी हैं। 3 फरवरी 2025 हमेशा के लिए हमारे दिल में एक ऐसे दिन के रूप में अंकित हो जाएगा, जिसने हमें बहुत खुशी और गर्व दिया। जय हिंद।”
सोनू निगम की इस स्पेशल परफॉर्मेंस की जानकारी राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर भी साझा की गई। पोस्ट में लिखा गया, “लोकप्रिय गायक और संगीत निर्देशक सोनू निगम ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। बाद में उन्होंने राष्ट्रपति भवन दिवस के अवसर पर नए बने ओपन एयर थिएटर में प्रस्तुति दी।”
लाइव परफॉर्मेंस में पीठ दर्द के बावजूद किया शानदार प्रदर्शन
हाल ही में सोनू निगम एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान पीठ दर्द की समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने फैंस के लिए शानदार प्रस्तुति दी। बाद में उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए इस अनुभव को अपने जीवन के सबसे कठिन पलों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि परफॉर्मेंस के दौरान तेज दर्द के बावजूद उन्होंने पूरे दिल से गाना गाया और यह उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण रातों में से एक रही।