KNEWS DESK –सिंगर रिहाना और रैपर एएसएपी रॉकी (ASAP Rocky) के घर नन्ही परी का आगमन हुआ है। कपल ने 13 सितंबर 2025 को अपनी बेटी का स्वागत किया, लेकिन इस खुशखबरी को उन्होंने 24 सितंबर को दुनिया के साथ साझा किया। रिहाना ने इंस्टाग्राम पर बेटी के साथ दो बेहद प्यारी तस्वीरें शेयर कर अपने फैंस को यह तोहफा दिया।
पहली तस्वीर में रिहाना अपनी बेटी को गुलाबी कंबल में लपेटे हुए प्यार से निहारती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में छोटे-छोटे पिंक बॉक्सिंग ग्लव्स दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने बेटी का नाम लिखा—”रॉकी आयरिश मेयर्स” और साथ ही एक पिंक बो इमोजी भी जोड़ा।

रिहाना और रॉकी पहले से दो बेटों के माता-पिता हैं। उनका पहला बेटा आरजेडए (RZA) साल 2022 में पैदा हुआ था और दूसरा बेटा रायट (Riot) 2023 में दुनिया में आया। अब बेटी के आने से परिवार पूरा हो गया है और फैंस कपल को लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
रिहाना और रॉकी की लव स्टोरी
दोनों की पहली मुलाकात 2012 में एमटीवी म्यूजिक वीडियो अवॉर्ड्स के रिहर्सल के दौरान हुई थी, जब उन्होंने रिहाना के गाने ‘Cockiness (Love It)’ के रीमिक्स पर साथ परफॉर्म किया। यहीं से दोस्ती की शुरुआत हुई। 2013 में रॉकी, रिहाना के डायमंड वर्ल्ड टूर का हिस्सा बने और उसी साल सिंगर उनके गाने ‘Fashion Killa’ के म्यूजिक वीडियो में नजर आईं।
हालांकि, दोनों का रोमांस 2019 के आखिर में शुरू हुआ। रिहाना ने साल 2024 में एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था। आज यह जोड़ी तीन बच्चों के साथ खुशहाल जिंदगी जी रही है और फैंस के लिए ‘कपल गोल्स’ बन चुकी है।