KNEWS DESK – हरियाणा और बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर राहुल फाजिलपुरिया हाल ही में एक जानलेवा हमले का शिकार हुए, जिसमें वह चमत्कारिक रूप से बच निकले। हमले के ठीक बाद राहुल सीधे भगवान की शरण में पहुंचे और वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से भी मुलाकात की और उनके प्रवचन सुने।
गुरुग्राम में हुआ हमला, गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, राहुल फाजिलपुरिया पर यह हमला गुरुग्राम में उस समय हुआ जब वह अपने वाहन में सवार थे। उनकी कार पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक गोलियों की बौछार कर दी। हालांकि, सिंगर को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह इस हमले से बाल-बाल बच निकले। इस घटना के बाद राहुल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
https://www.instagram.com/sazal_jain_/
इस जानलेवा हादसे के बाद राहुल ने आध्यात्मिक शांति की तलाश में वृंदावन का रुख किया। वहां उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए और माथा टेका। इसके बाद वह वृंदावन में ही प्रसिद्ध संत स्वामी प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। वीडियो में राहुल सफेद कुर्ता और लाल चुनरी पहने नजर आए, जबकि चेहरे पर उन्होंने मास्क लगाया हुआ था। उनके साथ कुछ करीबी मित्र भी मौजूद थे।
सिंगर की वृंदावन यात्रा का वीडियो Sazal Jain नामक यूजर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “जय श्री राधे श्याम श्री हरिवंश… भाई राहुल फाजिलपुरिया जी के साथ प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन किए और उनके विचार सुने।”
‘लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल’ से मिली थी पहचान
राहुल फाजिलपुरिया को सबसे बड़ी पहचान फिल्म ‘कपूर एंड सन्स’ में आए सुपरहिट गाने ‘लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल’ से मिली थी। इस गाने ने उन्हें न केवल हरियाणवी म्यूजिक सीन में, बल्कि बॉलीवुड में भी मशहूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने कई लोकप्रिय गाने गाए और म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाई।
राजनीति में भी आजमा चुके हैं किस्मत
सिंगर ने 2024 के लोकसभा चुनाव में राजनीति की दुनिया में कदम रखा था। वह जननायक जनता पार्टी (JJP) के टिकट पर गुरुग्राम से चुनावी मैदान में उतरे थे, हालांकि जीत हासिल नहीं कर पाए। इसके बावजूद राहुल का कहना है कि वह जनसेवा के लिए प्रयास जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि राहुल फाजिलपुरिया मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव के भी बेहद करीबी दोस्त माने जाते हैं। दोनों को कई बार साथ में देखा गया है और सोशल मीडिया पर भी उनके साथ के वीडियो वायरल होते रहे हैं।