KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला के घर एक बार फिर किलकारियां गूंजी हैं। 31 जनवरी 2026 को कपल जुड़वा बच्चों—एक बेटे और एक बेटी—के माता-पिता बने। अब हैदराबाद स्थित उनके घर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नामकरण संस्कार भी संपन्न हो गया है, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य शामिल हुए।

बेटे का नाम: शिवराम
राम चरण और उपासना ने अपने बेटे का नाम शिवराम रखा है। यह नाम भगवान शिव और भगवान राम से प्रेरित है। कपल के मुताबिक, यह नाम शक्ति, संयम, भक्ति और धर्म का प्रतीक है। खास बात यह भी है कि यह नाम परिवार की विरासत से जुड़ा हुआ है, क्योंकि राम चरण के पिता चिरंजीवी का जन्म नाम ‘शिव शंकर वरा प्रसाद’ है। इस तरह बेटे का नाम परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों को आगे बढ़ाता है।
बेटी का नाम: अनवीरा देवी
जुड़वा बेटी का नाम अनवीरा देवी रखा गया है। ‘वीरा’ का अर्थ है बहादुरी और साहस, जबकि ‘अन’ इसे असीमित बनाता है। ‘देवी’ शब्द नारी शक्ति और दिव्यता का प्रतीक है। कपल का कहना है कि यह नाम असीम साहस और दिव्य स्त्री शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है।
आज के समय में जहां अनोखे और मॉडर्न नामों का ट्रेंड है, वहीं राम चरण और उपासना ने पारंपरिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े नाम चुनकर अपनी जड़ों से जुड़ाव दिखाया है।
बड़ी बेटी का खास नाम
राम चरण और उपासना की पहली बेटी का नाम क्लिन कारा कोनिडेला है, जिसका जन्म 20 जून 2023 को हुआ था। यह नाम ललिता सहस्रनाम से प्रेरित है और शुद्धि, परिवर्तन व आध्यात्मिक जागृति का प्रतीक माना जाता है। नामकरण की खास रस्म में चेंचू आदिवासी समुदाय की भागीदारी भी रही थी।
राम चरण और उपासना की कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों बचपन के दोस्त रहे, फिर समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दिसंबर 2011 में सगाई के बाद 14 जून 2012 को उन्होंने शादी की। आज कपल के 3 बच्चे भी हैं.