‘ड्रम में राजा’… सौरभ राजपूत मर्डर केस पर रिलीज हुआ भोजपुरी गाना, सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा

KNEWS DESK –  पूर्व मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की निर्मम हत्या ने देश को झकझोर कर रख दिया था। आरोपी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला अब भी मीडिया और सोशल मीडिया में सुर्खियों में बने हुए हैं। लेकिन अब इस संवेदनशील मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है — और वो भी म्यूजिक इंडस्ट्री के जरिए। भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े एक सॉन्ग ने इस गंभीर अपराध पर गाना बनाकर इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है।

‘ड्रम में राजा’ ने खड़ा किया विवाद

6 अप्रैल 2025 को यूट्यूब चैनल Born Music Bhojpuri ने एक म्यूजिक वीडियो शेयर किया, जिसका नाम है ‘ड्रम में राजा’। इसे भोजपुरी गायक गोल्डी यादव ने गाया है। गाना स्पष्ट रूप से सौरभ राजपूत की हत्या की घटना से प्रेरित है, जिसमें उनका शव एक ड्रम में पाया गया था। गाने के बोल और प्रेजेंटेशन को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है। जहां कुछ लोग इसे ‘ट्यूनफुल’ कहकर म्यूजिक की नजर से देख रहे हैं, वहीं अधिकांश यूजर्स इसे “अमानवीय”, “असंवेदनशील” और “गिरा हुआ कंटेंट” बता रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा

सोशल मीडिया यूजर्स ने गाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कुछ प्रमुख कमेंट्स इस प्रकार हैं| एक ने कहा, किसी की मौत पर पार्टी जैसा गाना बनाना शर्मनाक है। दुसरे ने कहा, फ्रिज में रानी जी भी गा दो अब, क्या यही बचा है म्यूजिक में? एक और ने कहा,  सौरभ राजपूत के परिवार का क्या? अगर ये तुम्हारे अपने के साथ होता तब भी बनाते गाना? वहीं एक ने लिखा,  गाने से पैसा कमाने के लिए किसी की मौत का मजाक उड़ाना बेहद शर्मनाक है। एक यूजर ने यहां तक कहा कि ये गाना अपराध को ग्लोरिफाई कर रहा है और समाज को गलत मैसेज दे रहा है।

Drum Me Raja

इस विवादित गाने को खबर लिखे जाने तक 74,000 से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। कुछ लोग इसे ‘ट्रेंडिंग कंटेंट’ कह रहे हैं, तो कुछ इसे ‘सोशल डिके’ का संकेत मान रहे हैं।

क्या गानों की कोई सीमा नहीं रह गई है?

इस गाने ने एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है: क्या म्यूजिक इंडस्ट्री अब किसी भी संवेदनशील मुद्दे को सिर्फ वायरल होने की चाहत में कंटेंट बना रही है? कई लोग मांग कर रहे हैं कि इस गाने को यूट्यूब से हटाया जाए और इसे बनाने वालों पर संवेदनहीनता और अपराध को बढ़ावा देने के आरोप में कार्रवाई की जाए।