KNEWS DESK – दिसंबर का महीना भले ही इस साल ‘धुरंधर’ के नाम रहा हो, लेकिन पिछले साल इसी वक्त पुष्पा राज का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला था। अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2 – द रूल’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान मचाया कि फिल्म ने दुनियाभर में 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली, जबकि इसका बजट करीब 500 करोड़ रुपये था। श्रीवल्ली और पुष्पा की कहानी हर तरफ छाई रही और फिल्म ने इतिहास रच दिया।
अब फैंस के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक तरफ ‘पुष्पा 3’ की प्लानिंग चल रही है, वहीं दूसरी ओर अल्लू अर्जुन अगले साल यानी जनवरी 2026 में एक बार फिर सुर्खियों में आने वाले हैं। खास बात यह है कि इस बार कहानी 6000 किलोमीटर दूर जापान तक पहुंचने वाली है।
जापान में मचेगा पुष्पा का जलवा
अल्लू अर्जुन और डायरेक्टर एटली की अपकमिंग फिल्म में दीपिका पादुकोण लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आएंगी। इसी बीच अल्लू अर्जुन के मैनेजर ने कंफर्म किया है कि एक्टर जल्द ही जापान जाने वाले हैं। दिलचस्प बात यह है कि ‘पुष्पा 2’ का जापान से पहले ही एक खास कनेक्शन रहा है, जब फिल्म में पुष्पा की एंट्री जापान के पोर्ट पर कंटेनर के जरिए दिखाई गई थी। अब उसी देश में फिल्म की ग्रैंड रिलीज की तैयारी चल रही है।
कब रिलीज होगी ‘पुष्पा 2’ जापान में?
हाल ही में सामने आया कि ‘पुष्पा 2 – द रूल’ जापान में 16 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। जापान में फिल्म का टाइटल होगा ‘पुष्पा कुनरिन’। गीक पिक्चर्स ने शोचिकु के साथ मिलकर इस फिल्म की जापान रिलीज का ऐलान किया है। इसके साथ एक दमदार पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें अल्लू अर्जुन अपने स्टाइलिश अंदाज और पूरे स्वैग में नजर आए। इसी दिन फिल्म का जापानी वर्जन ट्रेलर भी यूट्यूब पर रिलीज कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर एक फैन ने सवाल किया था कि क्या अल्लू अर्जुन रिलीज से पहले प्रमोशनल इवेंट के लिए जापान जाएंगे, क्योंकि वह फिलहाल हैदराबाद में शूटिंग में व्यस्त हैं। इस पर उनके मैनेजर सरथ चंद्र नायडू ने साफ जवाब दिया—“हां, वो जाएंगे।”
जापान में दिखेगा एक्सटेंडेड वर्जन
भारत और दुनियाभर में ‘पुष्पा 2 – द रूल’ का 200 मिनट का वर्जन रिलीज किया गया था। इसके बाद फिल्म का 222 मिनट का एक्सटेंडेड वर्जन भी सामने आया। अब यही एक्सटेंडेड वर्जन जापान में रिलीज किया जाएगा, जिससे वहां के दर्शकों को पुष्पा की कहानी और भी ज्यादा दमदार अंदाज में देखने को मिलेगी।