KNEWS DESK – पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर राजवीर जवंदा अब हमारे बीच नहीं रहे। 35 साल की उम्र में राजवीर का निधन एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हुआ। 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के बद्दी में हुए एक्सीडेंट में राजवीर गंभीर रूप से घायल हुए थे। सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें लगने के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 दिन तक वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ने के बाद उन्होंने 8 अक्टूबर को अंतिम सांस ली।
पंजाबी इंडस्ट्री में शोक की लहर
राजवीर के निधन से पंजाबी इंडस्ट्री में गहरा शोक व्याप्त है। दिलजीत दोसांझ, गुरदास मान, सोनम बाजवा, सरगुन मेहता, गिप्पी ग्रेवाल और नीरू बाजवा जैसे बड़े सितारों ने सोशल मीडिया पर राजवीर को श्रद्धांजलि दी। उनके फैंस और परिवार भी इस दुखद क्षण में गहरे सदमे में हैं।
https://www.instagram.com/p/DM6sz1NsCwa/?
राजवीर जवंदा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव पौना, लुधियाना में 9 अक्टूबर को किया जाएगा। पंजाबी सिंगर एमी विर्क ने इस जानकारी को साझा किया। इस मौके पर उनके परिवार और करीबी दोस्त मौजूद रहेंगे। पंजाबी इंडस्ट्री के कई सितारे भी राजवीर को अंतिम विदाई देने वहां पहुंचेंगे।
हादसे के पीछे की कहानी
राजवीर जवंदा के करीबी दोस्त ने बताया कि सिंगर अपनी पत्नी की सलाह के बावजूद बाइक ट्रिप पर गए थे। यह यात्रा उनके लिए घातक साबित हुई। एक्सीडेंट के तुरंत बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।