एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग पर प्रिंस नरूला ने किया रिएक्ट, कहा – ‘किसी के मां-बाप वहां रहते हैं’

KNEWS DESK – यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग के बाद से माहौल काफी तनावपूर्ण है। 17 अगस्त की सुबह कुछ बदमाशों ने उनके घर के बाहर 25-30 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में यह घटना साफ दिखाई दी। इस हमले के बाद एल्विश यादव ने फैंस को आश्वस्त किया था कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। अब इस मामले पर उनके प्रतिद्वंदी और रोडीज के को-गैंग लीडर प्रिंस नरूला का भी बयान सामने आया है।

प्रिंस नरूला का रिएक्शन

एल्विश यादव और प्रिंस नरूला के बीच पिछले कुछ महीनों से जमकर विवाद चल रहा था। दोनों ने रोडीज डबल क्रॉस शो में एक-दूसरे के खिलाफ कई बार भिड़ंत की थी। सोशल मीडिया पर भी उनकी तकरार लगातार सुर्खियों में रही। ऐसे में जब प्रिंस ने एल्विश के घर हुई फायरिंग पर प्रतिक्रिया दी, तो फैंस हैरान रह गए। प्रिंस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “किसी के घर गोली चलाना ठीक बात नहीं। किसी के मां-बाप वहां रहते हैं। किसी को भी लग सकती है और इसमें उनकी क्या गलती है? अगर आर्टिस्ट कमा रहा है, तो वो मेहनत के बाद ही है। बुरा लगा न्यूज देखकर।”

लंबे समय से चल रहा है विवाद

एल्विश यादव और प्रिंस नरूला के बीच की दुश्मनी किसी से छिपी नहीं है। रोडीज के दौरान ही दोनों कई बार आमने-सामने आए। शो खत्म होने के बाद भी इंटरव्यूज़ और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर तंज कसते रहे। एल्विश ने यहां तक कह दिया था कि वह प्रिंस से कोई रिश्ता नहीं रखना चाहते और न ही उनसे कभी मिलना चाहेंगे। वहीं प्रिंस भी कई बार एल्विश और उनके फैंस पर निशाना साध चुके हैं।

गाने को लेकर भी हुआ था विवाद

दोनों एक म्यूजिक वीडियो के लिए साथ आए थे, लेकिन प्रोजेक्ट रिलीज होने से पहले ही उनके बीच मतभेद बढ़ गए। एल्विश ने गाने से दूरी बना ली, जबकि प्रिंस ने दावा किया कि एल्विश को न गाना आता है और न एक्टिंग। इस विवाद ने सोशल मीडिया पर उनके फैंस को भी दो गुटों में बांट दिया था।