KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के असामयिक निधन ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 42 साल की उम्र में 27 जून को कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हो गया। शुक्रवार को मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां का हर एक दृश्य दिल को चीर देने वाला था।
अब पति पराग त्यागी का एक वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। इस वीडियो में पराग अपनी पत्नी की अस्थियां सीने से लगाकर बिलखते नजर आ रहे हैं। यह नज़ारा देखना जितना दर्दनाक है, उतना ही भावनात्मक भी।
“कलश को सीने से लगाए बिलखते रहे पराग”
लेटेस्ट वीडियो में देखा गया कि अभिनेता पराग त्यागी ने सफेद पट्टीदार शर्ट, नीली जीन्स और चप्पल पहने हुए हाथों में एक कलश पकड़ा हुआ है, जिसे सफेद कपड़े में लपेटा गया है। इसी कलश में शेफाली जरीवाला की अस्थियां थीं।
पराग इस कलश को सीने से लगाए रोते-बिलखते नजर आए। उनका ग़म उस पल हर किसी की आंखों में उतर आया। ये वही इंसान था, जिसने शेफाली के साथ हर सुख-दुख में कदम से कदम मिलाया। लेकिन अब उनकी जिंदगी की साथी उन्हें हमेशा के लिए छोड़कर चली गई है।
परिजनों के साथ किया गया अस्थि विसर्जन
इसके बाद एक और वीडियो सामने आया, जिसमें देखा गया कि पराग और उनका परिवार मिलकर मुंबई के समुंद्र में शेफाली की अस्थियों का विसर्जन कर रहे हैं। परिवार एक-दूसरे को संभालने की कोशिश कर रहा है, लेकिन हर चेहरा ग़म में डूबा नजर आया।
शेफाली की मां अपनी बेटी के जाने का ग़म सह नहीं पा रही थीं। उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था मानो उनका सारा संसार उजड़ गया हो।
पराग और शेफाली का रिश्ता था बेहद खास
पराग त्यागी और शेफाली जरीवाला का रिश्ता इंडस्ट्री के सबसे खूबसूरत और मजबूत रिश्तों में से एक माना जाता था। दोनों न सिर्फ जीवनसाथी थे, बल्कि एक-दूसरे के सबसे अच्छे दोस्त और सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम भी थे। चाहे रियलिटी शो हो या लाइफ के उतार-चढ़ाव, दोनों ने एक-दूसरे का हाथ कभी नहीं छोड़ा। पराग ने हमेशा शेफाली को आगे बढ़ने और खुद को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
फैंस भी हुए भावुक, सोशल मीडिया पर उमड़ा सैलाब
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर फैंस का ग़म भी उमड़ पड़ा। लोग लगातार पराग के लिए हिम्मत और शेफाली की आत्मा की शांति की दुआएं कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा – “शेफाली तो चली गईं, लेकिन पराग का ये टूटना रुला गया।” दूसरे ने कहा – “भगवान पराग को ये ग़म सहने की ताकत दे।”