पंकज त्रिपाठी की मां का 89 साल की उम्र में निधन, बिहार के पैतृक गांव में ली अंतिम सांस

KNEWS DESK – हिंदी सिनेमा के बेहतरीन कलाकार पंकज त्रिपाठी इन दिनों गहरे शोक में हैं। अभिनेता की मां हेमवंती देवी का शुक्रवार को बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड स्थित पैतृक आवास पर निधन हो गया। 89 वर्ष की हेमवंती देवी लंबे समय से बीमार थीं और उन्होंने परिवारवालों की मौजूदगी में अपनी अंतिम सांस ली।

परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हमें यह साझा करते हुए गहरा दुख हो रहा है कि पंकज त्रिपाठी की माता जी हेमवंती देवी का शांतिपूर्वक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बेलसंड में परिवार और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में किया गया।”

https://www.instagram.com/p/DEg4oGSTlm3/

पंकज त्रिपाठी अपनी मां के बेहद करीब थे और उनके आखिरी समय में उनके साथ ही मौजूद थे। मां के निधन से अभिनेता गहरे सदमे में हैं। परिवार ने सभी से अपील की है कि इस कठिन समय में उनकी निजता (privacy) का सम्मान किया जाए और हेमवंती देवी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाए।

गौरतलब है कि पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस त्रिपाठी का भी अगस्त 2023 में निधन हो गया था। अब पिता के बाद अभिनेता के सिर से मां का साया भी उठ गया है। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार पंकज त्रिपाठी और उनके परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।