KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कथित शादी की खबरें हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वेडिंग डेट से लेकर रिसेप्शन की डिटेल्स तक सामने आने का दावा किया जा रहा है, हालांकि दोनों सितारों ने अब तक इन अटकलों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
वायरल हुआ वेडिंग कार्ड
सोशल मीडिया पर एक कथित वेडिंग कार्ड वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि रश्मिका और विजय 26 फरवरी को उदयपुर में सात फेरे लेंगे। बताया जा रहा है कि शादी परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में होगी। वहीं 4 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित करने की चर्चा है।
इन खबरों के सामने आने के बाद फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं और सोशल मीडिया पर कपल को अग्रिम बधाइयां भी दी जा रही हैं।
OTT पर वेडिंग वीडियो?
खबरों की मानें तो मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix ने कथित तौर पर कपल को उनकी शादी का वीडियो स्ट्रीम करने के लिए 60 करोड़ रुपये का ऑफर दिया है। कहा जा रहा है कि इस डील के तहत शादी की एक्सक्लूसिव झलकियां ओटीटी पर दिखाई जातीं।
हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि कपल ने इस ऑफर को ठुकरा दिया है और वे अपनी निजी जिंदगी को निजी ही रखना चाहते हैं।
पहले भी उड़ी थी सगाई की खबर
पिछले साल अक्टूबर में भी दोनों की गुपचुप सगाई की खबरें सामने आई थीं। कई मौकों पर रश्मिका के हाथ में अंगूठी देखे जाने के बाद अटकलों को और हवा मिली थी। लेकिन इन दावों पर भी न तो रश्मिका और न ही विजय ने कोई पुष्टि की।
दोनों सितारे कई सालों से एक-दूसरे को डेट करने की चर्चाओं में हैं। वेकेशन और इवेंट्स में साथ नजर आने के बावजूद उन्होंने अपने रिश्ते को अब तक आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है।