KNEWS DESK – दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 28 फरवरी की रात कुछ ऐसा हुआ, जिसने 75 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ को भी भावुक कर दिया। मशहूर पंजाबी सिंगर करण औजला अपने ‘P-POP CULTURE’ इंडिया टूर की धमाकेदार शुरुआत करने राजधानी पहुंचे थे। कॉन्सर्ट हिट रहा, भीड़ बेकाबू जोश में थी, लेकिन शो के बीच एक ऐसा पल आया जब खुद करण औजला की आंखें नम हो गईं।
स्टेज पर मिला खास तोहफा
परफॉर्मेंस के दौरान एक फैन ने करण को एक फ्रेम की हुई पेंटिंग गिफ्ट की। इस पेंटिंग में करण और उनके माता-पिता की तस्वीर बनी हुई थी। जैसे ही पेंटिंग उनके हाथ में आई, करण कुछ पल के लिए खामोश हो गए। हजारों लोगों की मौजूदगी में वो चुपचाप उस तस्वीर को देखते रहे।
https://www.instagram.com/reels/DVUIp7PEwaG/
वीडियो में साफ दिख रहा है कि पेंटिंग को निहारते हुए करण की आंखों में आंसू आ जाते हैं। स्टेज पर गूंजते म्यूजिक और शोर के बीच यह पल बेहद शांत और भावुक था।
खुद को संभाला, फैन को कहा ‘थैंक यू’
कुछ देर बाद करण ने खुद को संभाला और उस फैन को दिल से धन्यवाद दिया। उन्होंने पेंटिंग पर अपने साइन भी किए। लेकिन इसके बाद जो किया, उसने सबका दिल जीत लिया। करण ने पेंटिंग वापस उसी फैन को लौटा दी और पंजाबी में कहा – “जाओ, मेरे माता-पिता की तस्वीर अपने घर ले जाओ।” उनकी इस बात पर पूरा स्टेडियम तालियों और चीयर से गूंज उठा।
बताया जा रहा है कि यह कॉन्सर्ट भारत में एक दिन में आयोजित होने वाले सबसे बड़े म्यूजिक इवेंट्स में से एक रहा। किसी पंजाबी कलाकार के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा शो माना जा रहा है, जिसमें 75 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए।
‘P-POP CULTURE’ इंडिया टूर की यह शुरुआत ही बता रही है कि करण औजला का क्रेज किस स्तर पर पहुंच चुका है। सोशल मीडिया पर इस इमोशनल पल के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और फैंस सिंगर की सादगी और अपने माता-पिता के प्रति सम्मान की जमकर तारीफ कर रहे हैं।