कॉमेडियन कपिल शर्मा को MNS नेता ने दी चेतावनी, कहा – ‘मुंबई को ‘बॉम्बे’ कहने वालों…’

KNEWS DESK – कॉमेडियन कपिल शर्मा का पॉपुलर शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ एक बार फिर विवादों में आ गया है। नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे इस शो को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं, लेकिन अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने शो में इस्तेमाल किए गए शब्द को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है।

दरअसल, शो में कई बार मुंबई को ‘बॉम्बे’ कहा गया है। जबकि आधिकारिक तौर पर शहर का नाम वर्षों पहले मुंबई कर दिया गया था। एमएनएस का कहना है कि बार-बार शहर का गलत नाम लेना मुंबई और यहां के लोगों का अपमान है।

अमेय खोपकर की नाराजगी

एमएनएस चित्रपट सेना प्रमुख अमेय खोपकर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपनी नाराजगी जताते हुए लिखा, “भले ही मुंबई का नाम 30 साल पहले बदल दिया गया हो, लेकिन हिंदी फिल्मों, ओटीटी प्लेटफॉर्म और कपिल शर्मा शो में आज भी ‘बॉम्बे’ शब्द का इस्तेमाल हो रहा है। इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि कपिल शर्मा बाकी शहरों के नाम सही लेते हैं, लेकिन मुंबई के लिए बार-बार पुराना नाम इस्तेमाल किया जा रहा है।

चेतावनी दी आंदोलन की

अमेय खोपकर ने साफ शब्दों में कहा कि अगर शो और उसके कलाकार इस गलती को सुधारते नहीं हैं, तो एमएनएस आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने लिखा कि “मुंबई को ‘बॉम्बे’ कहने वालों को हमारे गुस्से का सामना करना ही पड़ेगा।”

गौरतलब है कि राज ठाकरे की एमएनएस पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में रही है—पहले भाषा विवाद को लेकर और फिर कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी की वजह से। अब कपिल शर्मा शो पर आपत्ति जताने के बाद यह विवाद और बढ़ सकता है।