मिस यूनिवर्स 2025 में बड़ा हादसा, स्टेज से गिरीं मिस जमैका गैब्रिएल हेनरी, अस्पताल में भर्ती

KNEWS DESK – थाईलैंड में चल रही मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता इस बार विवादों और हादसों के कारण सुर्खियों में है। पहले तीन जजों के इस्तीफे ने इवेंट पर सवाल खड़े किए थे, और अब प्रतियोगिता के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ईवनिंग गाउन सेगमेंट में वॉक करते समय मिस जमैका गैब्रिएल हेनरी अचानक स्टेज पर गिर गईं, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गैब्रिएल हेनरी अपना संतुलन खोते हुए नजर आती हैं और फिर जोर से नीचे गिर जाती हैं। घटना के बाद स्टेज और ऑडियंस दोनों में हड़कंप मच गया।

डॉक्टर्स का हेल्थ अपडेट

गिरने के तुरंत बाद गैब्रिएल को पाओलो रंगसिट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल चेकअप किया गया। मिस यूनिवर्स जमैका ऑर्गनाइजेशन ने इंस्टाग्राम पर जानकारी देते हुए बताया| गैब्रिएल को कोई जानलेवा या गंभीर चोट नहीं आई है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। पूरी तरह स्वस्थ घोषित होने के लिए उन्हें कुछ और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। संगठन ने फैन्स से प्रार्थना और समर्थन बनाए रखने की अपील की है।

https://www.instagram.com/p/DRPrL7GiuEF/?

मिस यूनिवर्स जमैका संगठन का बयान

जमैका संगठन ने एक नोट साझा करते हुए लिखा, “डॉ. गैब्रिएल हेनरी थाईलैंड में फाइनल से पहले आयोजित ईवनिंग गाउन राउंड के दौरान स्टेज से गिर गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं और उन्होंने पुष्टि की है कि उन्हें कोई जानलेवा चोट नहीं लगी है। हम सभी से उनके लिए सकारात्मक ऊर्जा और प्रार्थनाएं भेजने का अनुरोध करते हैं।” संगठन ने दुनिया भर से मिल रहे प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया।

https://www.instagram.com/p/DRPsIavEaQT/

मिस यूनिवर्स 2025 लगातार विवादों में

कुछ दिनों पहले इस प्रतियोगिता से जुड़े तीन जजों ने इस्तीफा दिया, जिससे इवेंट की पारदर्शिता और प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे थे। अब गैब्रिएल के साथ हुई यह दुर्घटना प्रतियोगिता को फिर से विवादों के केंद्र में ले आई है।

सोशल मीडिया पर फैन्स और समर्थक लगातार गैब्रिएल की सेहत के लिए शुभकामनाओं वाले संदेश भेज रहे हैं। उनकी वापसी और मिस यूनिवर्स 2025 के आगे के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी पर अभी निर्णय बाकी है।