KNEWS DESK: टीवी के पॉपुलर शो भाबीजी घर पर हैं में ‘अंगूरी भाभी’ का किरदार निभाने वाली शुभांगी अत्रे एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। 11 अप्रैल को अपना जन्मदिन मनाने जा रहीं एक्ट्रेस ने हाल ही में अपने रिश्तों और जिंदगी के अनुभवों पर खुलकर बात की।

कम उम्र में शादी, लंबा साथ फिर अलग रास्ते
शुभांगी ने महज 19 साल की उम्र में शादी कर ली थी, लेकिन 22 साल बाद उनका रिश्ता टूट गया। इस पर उन्होंने कहा कि उम्र के साथ इंसान की सोच और भावनाएं बदल जाती हैं।
उनके मुताबिक, “20 की उम्र में ऊर्जा तो बहुत होती है, लेकिन सही-गलत की समझ कम होती है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, फैसले लेने की क्षमता भी बेहतर हो जाती है।”
बेटी से दूर रहने का दर्द
एक्ट्रेस की बेटी फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई कर रही है। शुभांगी मानती हैं कि बेटी से दूर रहना आसान नहीं है। उन्होंने कहा,
“टाइम ज़ोन के फर्क की वजह से कई बार लंबा समय बात नहीं हो पाती, लेकिन बच्चों के सपनों को पूरा करना सबसे जरूरी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जैसे वह खुद इंदौर से मुंबई अपने सपनों को पूरा करने आई थीं, वैसे ही उन्होंने अपनी बेटी को भी आगे बढ़ने का मौका दिया।
रिलेशनशिप पर साफ नजरिया
शुभांगी अत्रे फिलहाल सिंगल हैं और किसी नए रिश्ते में आने के मूड में नहीं हैं। उनका कहना है कि अब वह खुद को “पका घड़ा” मानती हैं, जिसे किसी रिश्ते में ढालना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, पति-पत्नी से ज्यादा मुझे दोस्ती का रिश्ता पसंद है। कभी-कभी अकेलापन महसूस होता है, लेकिन अब जिंदगी को संभालना आ गया है।