मराठी अभिनेत्री प्रिया मराठे का 38 वर्ष की उम्र में निधन, कैंसर से जूझते हुए दुनिया को कहा अलविदा

KNEWS DESK- मराठी टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जानी-मानी अभिनेत्री प्रिया मराठे का रविवार, 31 अगस्त की सुबह लगभग 4 बजे निधन हो गया। वे महज 38 साल की थीं। प्रिया लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और हाल के दिनों में उनका स्वास्थ्य तेजी से बिगड़ता जा रहा था। उनका निधन उनके मुंबई के मीरा रोड स्थित आवास पर हुआ।

प्रिया को कुछ साल पहले कैंसर डायग्नोज़ हुआ था। शुरुआती इलाज के बाद वे धीरे-धीरे ठीक भी हो रही थीं, लेकिन कुछ समय पहले कैंसर फिर से फैलने लगा और इस बार उनका शरीर इलाज को रिस्पॉन्ड नहीं कर सका। अपने अंतिम दिनों में वे सोशल मीडिया से भी दूर हो गई थीं और स्वास्थ्य पर पूरी तरह ध्यान दे रही थीं।

प्रिया मराठे ने साल 2012 में अभिनेता शांतनु मोघे से शादी की थी, जो मराठी शो ‘स्वराज्यरक्षक संभाजी’ में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका से प्रसिद्ध हुए थे। अभिनय की दुनिया में प्रिया एक जानी-मानी और प्रतिभाशाली अभिनेत्री थीं। उन्होंने कई मराठी और हिंदी धारावाहिकों में काम किया, और अपनी गहरी अभिनय क्षमता से दर्शकों का दिल जीता।

हाल ही में वे लोकप्रिय मराठी सीरियल ‘तुझे मेरे गीत गाते’ में मोनिका मालित की भूमिका निभा रही थीं। लेकिन सेहत खराब होने के कारण उन्हें सीरियल बीच में ही छोड़ना पड़ा।

अपने कैंसर के बारे में प्रिया ने कभी सार्वजनिक तौर पर बात नहीं की। उन्होंने बीमारी को लेकर कोई प्रचार नहीं किया और शांति से इसका सामना करती रहीं। उनके आकस्मिक निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों, सहकर्मियों और मराठी इंडस्ट्री को गहरे शोक में डाल दिया है।

प्रिया मराठे की अचानक हुई मौत से टीवी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और को-स्टार्स उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई लोगों ने उनकी मुस्कान, व्यवहार और अभिनय की तारीफ करते हुए उन्हें एक सच्ची कलाकार बताया।