KNEWS DESK – साल 2024 में रिलीज हुई कॉमेडी-हॉरर फिल्मों ‘मुंज्या’ और ‘स्त्री 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की जोड़ी वाली फिल्म ‘स्त्री 2’ ने न केवल भारतीय बाजार में बल्कि दुनियाभर में बड़ी कमाई की। इन फिल्मों की सफलता को देखते हुए, मैडॉक फिल्म्स ने नए साल 2025 के मौके पर फैंस को एक शानदार तोहफा दिया है। कंपनी ने एक साथ 8 नई फिल्मों की घोषणा की है, जिनमें कुछ सीक्वल और कुछ नई फ्रेंचाइजी शामिल हैं।
2025 से लेकर 2028 तक धमाल
मैडॉक फिल्म्स ने अपने आधिकारिक पोस्ट के जरिए यह घोषणा की कि उनकी आने वाली फिल्मों का सफर 2025 से शुरू होकर 2028 तक चलेगा। इन फिल्मों में कुछ सीक्वल्स और कुछ नई फिल्में शामिल हैं, जो दर्शकों को एंटरटेनमेंट की फुल डोज देने का वादा करती हैं।
2025 में रिलीज होने वाली फिल्में
मैडॉक फिल्म्स की पहली बड़ी फिल्म 2025 में दिवाली के मौके पर रिलीज होगी। यह फिल्म आयुष्मान खुराना स्टारर ‘थामा’ होगी, जो एक नई हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी है। इसके बाद, 31 दिसंबर, 2025 को ‘शक्ति शालिनी’ फिल्म रिलीज होगी, जो कि हॉरर और कॉमेडी का मिश्रण होगी। इन दोनों फिल्मों को लेकर फैंस में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है।
2026 में क्या होगा खास
2026 में मैडॉक फिल्म्स का दांव ‘भेड़िया 2’ पर होगा। वरुण धवन और कृति सेनन स्टारर इस फिल्म का पहला पार्ट 2022 में रिलीज हुआ था। अब 14 अगस्त, 2026 को इसका दूसरा पार्ट सिनेमाघरों में दस्तक देगा। इसके बाद 4 दिसंबर, 2026 को एक नई फिल्म ‘चामुंडा’ रिलीज की जाएगी, जो एक नई फ्रेंचाइजी की शुरुआत करेगी।
2027 में सीक्वल्स का धमाका
साल 2027 में मैडॉक फिल्म्स दो बड़े सीक्वल्स के साथ वापसी करेगा। 13 अगस्त, 2027 को ‘स्त्री 3’ सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार होगी। इसके बाद, 24 दिसंबर, 2027 को ‘महामुंज्या’ रिलीज होगी, जो 2024 की हिट फिल्म ‘मुंज्या’ का सीक्वल होगा।
2028 में नई फ्रेंचाइजी के साथ एंटरटेनमेंट का तड़का
मैडॉक फिल्म्स का प्लान 2028 में भी कमाल का होगा। ‘महायुद्ध’ नाम की एक नई फ्रेंचाइजी के साथ वे दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। इसका पहला पार्ट 11 अगस्त, 2028 को रिलीज होगा और दूसरा पार्ट 18 अक्टूबर, 2028 को सिनेमाघरों में दस्तक देगा। इस फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन इससे दर्शकों को एक नई और रोमांचक दुनिया देखने को मिलेगी।
फिल्म इंडस्ट्री में नया दौर
मैडॉक फिल्म्स की इस घोषणाओं के बाद, यह साफ है कि वे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक नया दौर लाने की तैयारी में हैं। अपने शानदार कंटेंट और फ्रेंचाइजी के साथ, यह फिल्म प्रोडक्शन हाउस आने वाले सालों में दर्शकों को ढेर सारी हिट फिल्मों का तोहफा देने वाला है।