कुचिपुड़ी नृत्यांगना अरुणिमा कुमार को मिला ब्रिटिश एम्पायर मेडल, शास्त्रीय नृत्य में किया विश्व स्तर पर नाम रोशन

KNEWS DESK – फेमस कुचिपुड़ी नृत्यांगना अरुणिमा कुमार ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की दुनिया में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। उन्हें किंग चार्ल्स तृतीय द्वारा मानद ब्रिटिश एम्पायर मेडल (BEM) से सम्मानित किया गया है। अरुणिमा पहली कुचिपुड़ी नर्तकी बन गई हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित शाही सम्मान मिला। यह सम्मान मुख्य रूप से स्थानीय समुदायों की सेवा और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।

बाल्यकाल से नृत्य की राह

अरुणिमा ने सिर्फ सात साल की उम्र में नृत्य की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। उन्होंने पद्मश्री गुरु जयराम राव और वनश्री राव जैसे प्रसिद्ध गुरुओं से कुचिपुड़ी सीखा। अपने लंबे और सफल करियर में उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार (2008), दिल्ली राज्य साहित्य कला परिषद छात्रवृत्ति, श्रृंगारमणि उपाधि, और राष्ट्रीय टेलीविजन का ‘ए ग्रेड कलाकार’ जैसे सम्मान शामिल हैं।

https://www.instagram.com/reels/DP2iDoSkjH-/

अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान

अरुणिमा कुमार ने विदेशों में भी कुचिपुड़ी का लोहा मनवाया है। 2015 में उन्हें वन डांस यूके के मेंटरिंग प्रोग्राम के लिए चुना गया। अप्रैल 2025 में उन्हें फिक्की एफएलओ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने ब्रिटेन और विश्वभर में प्रमुख आयोजनों में कोरियोग्राफी और प्रदर्शन किया, जिनमें शामिल हैं:

  • बकिंघम पैलेस
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वेम्बली स्टेडियम यात्रा (जहां 70,000 दर्शकों और विश्व मीडिया के सामने प्रदर्शन)
  • सिडनी ओपेरा हाउस, क्यूपर्टिनो, यूएसए
  • गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, रियो डी जेनेरो फेस्टिवल ऑफ आर्ट्स, ब्राजील
  • कैनबरा फेस्टिवल, थाईलैंड सांस्कृतिक महोत्सव, मनीला फेस्टिवल, और दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों

ब्रिटिश सम्मान पर अरुणिमा की प्रतिक्रिया

ब्रिटिश सम्मान मिलने के बाद अरुणिमा ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “राजा का सम्मान पाना मेरे लिए अविश्वसनीय सम्मान है। यह सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि विश्व मंच पर भारतीय शास्त्रीय नृत्य का उत्सव है। कुचिपुड़ी हमेशा मेरा आजीवन साथी रही है।”

उन्होंने अपने करियर में विश्वास रखने वाले सभी लोगों और अंतरराष्ट्रीय मान्यता के लिए आभार व्यक्त किया।

वर्तमान में अरुणिमा अपनी अगली प्रस्तुति ‘समर्पणम: ए डांस ऑफरिंग’ की तैयारी कर रही हैं, जिसे ब्रिटिश काउंसिल इंडिया के सहयोग से पेश किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट भारतीय शास्त्रीय नृत्य के वैश्विक स्तर पर प्रचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का प्रयास है।