UK07 Rider विवाद पर Kalam Ink का बड़ा बयान, कहा- ‘सच के लिए किसी भी हद तक जाऊंगा’

KNEWS DESK – मोटो व्लॉगर और यूट्यूबर अनुराग डोभाल इन दिनों अपने परिवार के साथ चल रहे विवाद को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में अनुराग ने एक वीडियो जारी कर अपने माता-पिता और भाई पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया। इसी बीच एक इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अनुराग द्वारा सुसाइड की कोशिश किए जाने की खबर ने भी उनके फैंस को चौंका दिया।

अब इस पूरे विवाद पर अनुराग के भाई कलम इंक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि वह जल्द ही इस मामले में सच्चाई सामने लाने वाले हैं।

कलम इंक का पोस्ट

कलम इंक ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि वह जल्द ही एक वीडियो जारी करेंगे, जिसमें पूरे मामले से जुड़े सभी सबूत पेश किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से वह इसलिए चुप थे क्योंकि उन्हें अपने परिवार और माता-पिता की देखभाल करनी थी।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “कल मैं सभी सबूतों के साथ एक वीडियो शेयर करूंगा, जिसमें बताऊंगा कि मेरे और मेरे परिवार के साथ क्या हुआ। मेरे माता-पिता ने बहुत कुछ सहा है और इस समय उनकी देखभाल करना मेरी जिम्मेदारी है।”

कलम ने आगे कहा कि उन्हें भारत के कानून पर पूरा भरोसा है और सच जल्द ही सबके सामने आएगा। उन्होंने लिखा कि अगर सच्चाई सामने लाने के लिए उन्हें किसी भी हद तक जाना पड़ा, तो वह पीछे नहीं हटेंगे।

‘लोगों को इमोशनल किया गया’

कलम इंक ने एक और पोस्ट में कहा कि अब तक लोगों को भावनात्मक तरीके से प्रभावित करके सच्चाई से दूर रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि उन पर, उनकी होने वाली पत्नी और उनके माता-पिता पर कई आरोप लगाए गए, लेकिन अभी तक उन आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया है।

सबूत पेश करने की चुनौती

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपने ब्रॉडकास्ट में दो घंटे के वीडियो से जुड़े कई सबूत साझा किए हैं। इसके बावजूद दूसरी तरफ से कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। कलम ने कहा कि अगर वह गलत हैं तो उनके खिलाफ सबूत पेश किए जाएं, लेकिन अगर वह सही साबित होते हैं तो उन्हें न्याय मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *