‘मैं भी उस रास्ते से गुजर चुका हूं…’ पलाश सेन ने इशारों में बताई अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की असली वजह

KNEWS DESK – बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और भावनाओं को आवाज़ देने वाले सिंगर अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को एक पोस्ट शेयर कर सभी को चौंका दिया. इस पोस्ट में उन्होंने साफ किया कि अब वह बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग नहीं करेंगे. अरिजीत का यह ऐलान सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और फैंस के बीच चिंता और सवालों का दौर शुरू हो गया कि आखिर उन्होंने ऐसा बड़ा फैसला क्यों लिया.

अरिजीत सिंह वो नाम हैं, जिनकी आवाज़ टूटे दिलों की पहचान बन चुकी है. प्यार, जुदाई और दर्द—हर एहसास में उनकी आवाज़ लोगों को अपना सा लगती है. हालांकि राहत की बात यह है कि अरिजीत ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो गाने पहले से साइन किए जा चुके हैं, उन्हें वह पूरा करेंगे. यानी उनकी आवाज़ फैंस को अभी भी सुनने को मिलती रहेगी.

400 से ज्यादा गानों का सफर

अरिजीत सिंह अब तक बॉलीवुड में 400 से ज्यादा गाने गा चुके हैं और लगभग हर बड़ा म्यूजिक अवॉर्ड उनके नाम रहा है. ऐसे में प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का फैसला उनके चाहने वालों के लिए चौंकाने वाला जरूर है.

पलाश सेन का भावुक पोस्ट हुआ वायरल

अरिजीत के फैसले के बाद सिंगर पलाश सेन का एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इस पूरे मामले को एक नया नजरिया दिया है. पलाश सेन ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह भी कभी ऐसे ही दौर से गुजर चुके हैं.

https://www.instagram.com/p/DUOZjahkth7/

उन्होंने लिखा, “24 साल पहले इसी समय मेरी पहली फिल्म ‘फिलहाल’ रिलीज हुई थी, जो फ्लॉप हो गई. आलोचकों ने मेरी जमकर आलोचना की, फिल्मी लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया और मुझे समझाया गया कि मुझे फिल्मों में एक्टिंग नहीं करनी चाहिए.”

पलाश सेन ने आगे लिखा कि उन्हें आज भी नहीं पता कि उन्हें खतरे की तरह क्यों देखा गया, जबकि वह सिर्फ अपना काम ईमानदारी से कर रहे थे.

अरिजीत के फैसले को समझते हैं पलाश सेन

अपने पोस्ट के अंत में पलाश सेन ने लिखा, “मुझे पता है कि मेरा भाई अरिजीत फिल्म प्लेबैक क्यों छोड़ रहा है. मैं बहुत पहले उस रास्ते से गुजर चुका हूं और मैंने अपना रास्ता खुद चुना था. वही रास्ता, जिस पर अब अरिजीत चलने वाला है.”

पलाश सेन के इस बयान से साफ है कि अरिजीत सिंह का फैसला किसी जल्दबाजी या विवाद का नतीजा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी व्यक्तिगत और रचनात्मक यात्रा का हिस्सा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *