KNEWS DESK – पंजाबी संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े सितारों के लिए हिट गाने लिखने वाले नामचीन गीतकार निम्मा लोहारका अब इस दुनिया में नहीं रहे। 48 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली, जिसके बाद पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। निम्मा ने अपने करियर में 500 से अधिक गाने लिखे, जिनमें कई सुपरहिट शामिल हैं। उनके निधन को पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

लंबी बीमारी से लड़ते-लड़ते हार गए निम्मा लोहारका
रिपोर्ट्स के अनुसार, निम्मा लोहारका लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अपनी बीमारी से लगातार जूझने के बाद अंततः उन्होंने हार मान ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही फैंस के साथ-साथ पंजाबी फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कलाकारों ने भी शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर कई सिंगर्स और सेलेब्रिटीज़ ने उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
कौन थे निम्मा लोहारका?
निम्मा लोहारका का जन्म 1977 में अमृतसर जिले के लोहारका गांव में हुआ था। किसान परिवार में जन्मे निम्मा बचपन से ही कहानियां लिखने का शौक रखते थे। बताया जाता है कि वह चौथी क्लास से ही लेखन करने लगे थे। बड़े होकर उन्होंने लेखक बनने का फैसला किया और 1994 में संगीत सीखने के लिए लुधियाना चले गए। यहीं से उनकी संगीत और गीत लेखन की गंभीर यात्रा शुरू हुई। धीरे-धीरे उन्होंने खुद को इंडस्ट्री में स्थापित किया और पंजाबी संगीत जगत का एक जाना-माना नाम बन गए।
https://www.instagram.com/reels/DMIGPLOSmAj/
सबके लिए लिखा संगीत इतिहास
निम्मा लोहारका ने अपने लंबे करियर में कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया। उन्होंने जिन बड़े सिंगर्स के लिए गाने लिखे, उनमें शामिल हैं| दिलजीत दोसांझ, रविंदर ग्रेवाल, मलकीत सिंह, अमरिंदर सिंह, हरभजन शेरा, इंदरजीत निक्कू, फिरोज खान और नछत्तर गिल है|
निम्मा के लिखे ‘गिद्दा’ और ‘डाका’ जैसे गाने आज भी दिलजीत दोसांझ के सबसे हिट ट्रैक्स में गिने जाते हैं। इतने सालों बाद भी इन गानों की धुन शादी, पार्टी और हर पंजाबी सेलिब्रेशन में गूंजती है।
निम्मा लोहारका भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके लिखे गीत हमेशा पंजाबी संगीत की आत्मा बने रहेंगे।
उनकी कलम ने हजारों चेहरों पर मुस्कान और मंचों पर जोश भरने वाले गीत दिए, और यही उनकी सबसे बड़ी विरासत है।