‘10 करोड़ नहीं दिए तो जमीन में दफना देंगे’… पंजाबी सिंगर बी प्राक को मिली जान से मारने की धमकी

KNEWS DESK – पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी मिली है। सिंगर को एक ऑडियो मैसेज भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। धमकी मिलने के बाद इस मामले में मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना से सिंगर के फैंस भी काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।

ऑडियो मैसेज से दी गई धमकी

जानकारी के मुताबिक, बी प्राक को सीधे तौर पर नहीं बल्कि उनके करीबी सिंगर दिलनूर के जरिए धमकी दी गई है। दिलनूर को पहले एक फोन कॉल आया, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद एक विदेशी नंबर से कॉल आने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने तुरंत कॉल काट दी। कुछ देर बाद दिलनूर को एक ऑडियो मैसेज मिला, जिसमें कॉलर ने खुद को अर्जू बिश्नोई बताया।

ऑडियो मैसेज में आरोपी ने कहा, “बी प्राक तक ये मैसेज पहुंचा दो कि हमें 10 करोड़ रुपये चाहिए। तुम्हारे पास सिर्फ एक हफ्ते का समय है। अगर पैसे नहीं मिले तो बी प्राक को जमीन में दफना देंगे।” मैसेज मिलते ही दिलनूर ने बिना देरी किए SSP मोहाली से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में जुटी

शिकायत के बाद मोहाली पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ऑडियो मैसेज, कॉल डिटेल्स और नंबर की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

https://www.instagram.com/p/DS1_9v8EeMA/

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब किसी पंजाबी सिंगर को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई सिंगर्स और कलाकारों को धमकी भरे कॉल्स और मैसेज मिल चुके हैं, जिसके चलते इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

बी प्राक पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं। उन्हें गाना ‘मन भर्रया’ से जबरदस्त पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। बी प्राक के सुपरहिट गानों में ‘तेरी मिट्टी’ (केसरी), ‘फिलहाल’, ‘पछताओगे’, ‘रांझा’ (शेरशाह), ‘माना दिल’ और ‘केसरियो रंग’ जैसे कई हिट गाने शामिल हैं।