KNEWS DESK – सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया विवाद चर्चा में है। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने जब अपनी राय रखी, तो मामला और उलझ गया। खुशबू ने अपने एक रिएक्शन वीडियो के ज़रिए बयान दिया था, लेकिन उनका यह वीडियो अब उन्हें एक नए विवाद में ले गया है।
प्रेमानंद जी महाराज के अनुयायियों ने जताया एतराज
खुशबू पाटनी का वीडियो सामने आने के बाद प्रेमानंद जी महाराज के अनुयायियों ने नाराज़गी जाहिर की और सोशल मीडिया पर विरोध दर्ज कराया। कई लोगों ने आरोप लगाया कि खुशबू का बयान प्रेमानंद जी महाराज के खिलाफ था। देखते ही देखते मामला बढ़ता गया और खुशबू को इस पर सार्वजनिक सफाई देनी पड़ी।

खुशबू पाटनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से अपना पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “मुझे जानकारी मिली है कि मेरे खिलाफ झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं और मेरे बयान को जबरन पूज्य प्रेमानंद महाराज जी से जोड़ा जा रहा है, जबकि मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा।” खुशबू ने साफ तौर पर बताया कि उनका बयान सिर्फ अनिरुद्धाचार्य महाराज के महिला विरोधी बयान के खिलाफ था और उनका इरादा किसी और को आहत करने का नहीं था।
परिवार को विवाद में घसीटे जाने पर दुख जताया
खुशबू ने कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, जिससे न केवल उन्हें, बल्कि उनके परिवार को भी अनावश्यक विवादों में घसीटा जा रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह आध्यात्मिक गुरुओं और धार्मिक परंपराओं का गहरा सम्मान करती हैं। खुशबू ने अपनी पोस्ट में कहा। “मेरे परिवार का उस विवाद से कोई लेना-देना नहीं, फिर भी हमें घसीटा जा रहा है, जो बेहद दुखद है,”
खुशबू ने झूठी खबरें फैलाने वालों को चेतावनी दी है और कहा है कि अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो वह कानूनी कार्रवाई का सहारा लेंगी।