‘व्यूज के लिए करता है ड्रामा…’ भाई ने खोली अनुराग डोभाल की पोल, पत्नी को पीटने का लगाया आरोप

KNEWS DESK – यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह रोते हुए नजर आए और अपने ही परिवार पर गंभीर आरोप लगाए. वीडियो में अनुराग ने कहा कि अगर उन्हें कुछ हो जाता है तो इसके जिम्मेदार उनके माता-पिता, भाई और बहन होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि यह शायद उनका आखिरी वीडियो हो सकता है.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई. कई फैंस उनकी चिंता जताने लगे, वहीं कुछ लोग इस पूरे मामले पर सवाल भी उठाने लगे. इसी बीच अनुराग के भाई कमल ने भी सोशल मीडिया पर सामने आकर उनके आरोपों का जवाब दिया और कई गंभीर दावे किए.

भाई कमल ने लगाए गंभीर आरोप

अनुराग के भाई कमल ने अपने इंस्टाग्राम ब्रॉडकास्ट चैनल K-Old World पर कई पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि अनुराग द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं. कमल ने दावा किया कि अनुराग जो कुछ भी कर रहे हैं, वह सिर्फ सोशल मीडिया पर व्यूज पाने के लिए है.

कमल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने सभी सबूत अपने ब्रॉडकास्ट चैनल पर साझा कर दिए हैं. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में बिना सच्चाई जाने किसी का पक्ष न लें.

पत्नी के साथ मारपीट का आरोप

कमल ने अपने पोस्ट में यह भी आरोप लगाया कि अनुराग अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हैं. उन्होंने एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें कथित तौर पर अनुराग अपनी पत्नी को पीटने की बात करते नजर आ रहे हैं.

कमल का कहना है कि अनुराग ने पहले अपने परिवार पर झूठा केस किया था, जिसे वह कानूनी रूप से हार गए. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर यह वीडियो पोस्ट किया. कमल ने यह भी दावा किया कि अनुराग की पत्नी रितिका ने भी उनकी वजह से उन्हें छोड़ दिया.

सोशल मीडिया पर बंटे लोग

कमल द्वारा साझा किए गए स्क्रीनशॉट्स और पोस्ट सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. लोग इस मुद्दे पर दो हिस्सों में बंट गए हैं.

एक तरफ जहां कुछ लोग अनुराग डोभाल का समर्थन कर रहे हैं और उनके हालात पर सहानुभूति जता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स उनके भाई कमल के दावों को सही बताते हुए अनुराग की आलोचना कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *