‘आधा पंजाब वहीं बैठा है…’ कपिल शर्मा के शो पर सुनील पाल का तंज, कॉमेडियन को लेकर दिया बड़ा बयान

KNEWS DESK – मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कपिल शर्मा के साथ अपने रिश्तों को लेकर खुलकर बात की। उनका बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शुरुआती दिनों में कपिल शर्मा के साथ काम कर चुके सुनील पाल का रिश्ता हमेशा सकारात्मक रहा है। फैंस ने भी दोनों की बॉन्डिंग को काफी पसंद किया है।

“मुझे कपिल से कोई दिक्कत नहीं”

‘मेरी सहेली’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सुनील पाल ने कहा कि उन्हें कपिल शर्मा से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैं कपिल का बहुत बड़ा फैन हूं। वह पिछले 12 साल से अपना शो चला रहे हैं और बेहतरीन काम कर रहे हैं। वह अपने दोस्तों की तरक्की का भी ख्याल रखते हैं।”

सुनील पाल ने यह भी बताया कि कपिल उन्हें अक्सर अपने सेट पर आने के लिए कहते हैं और उनसे मिलते भी रहते हैं।

शो पर कसा हल्का तंज

हालांकि, बातचीत के दौरान सुनील पाल ने कपिल के शो पर हल्का तंज भी कसा। उन्होंने कहा, “मैं तभी जाऊंगा जब मुझे लगेगा कि मेरे लिए सच में काम है। उसके यहां तो लंगर लगा रहता है, आधा पंजाब वहां बैठा है।”

उन्होंने यह भी बताया कि कपिल ने उन्हें कई बार शो पर आने का न्योता दिया है, लेकिन वह तभी जाना पसंद करेंगे जब उन्हें लगेगा कि उनकी भूमिका सार्थक है।

सिंपल लुक बना चर्चा का विषय

हाल ही में सुनील पाल तब भी चर्चा में आए थे जब वह कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ की स्क्रीनिंग में शामिल हुए थे। इस दौरान वह साधारण कपड़ों और चप्पलों में नजर आए। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, और फैंस उनके सादगी भरे अंदाज को लेकर बातें करने लगे थे।