KNEWS DESK – अमेरिका के लॉस एंजिलिस में आयोजित ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 समारोह में एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब आध्यात्मिक गुरु परम पावन दलाई लामा को उनके करियर का पहला ग्रैमी अवॉर्ड मिला। यह सम्मान सिर्फ एक अवॉर्ड नहीं, बल्कि शांति, करुणा और मानवता के संदेश की वैश्विक जीत माना जा रहा है।
किस कैटेगरी में मिला दलाई लामा को ग्रैमी?
दलाई लामा को ‘Best Audio Book, Narration & Storytelling Recording’ कैटेगरी में यह अवॉर्ड दिया गया है। उनका ऑडियो बुक “Meditations: The Reflections Of His Holiness The Dalai Lama” इस कैटेगरी में विजेता रहा।
यह एक स्पोकेन-वर्ड एल्बम है, जिसमें दलाई लामा ने अपनी शांत और प्रभावशाली आवाज़ में ध्यान, शांति, करुणा और जीवन के गहरे अर्थ साझा किए हैं। खास बात यह है कि इस ऑडियो बुक में भारतीय संगीत और धुनों का भी प्रयोग किया गया है, जिससे भारत के लिए यह जीत और भी गर्व की बन गई।
किन बड़े नामों को पीछे छोड़ा?
इस कैटेगरी में कई दिग्गज हस्तियां दावेदार थीं।
- कॉमेडियन ट्रेवर नोआ – Into the Uncut Grass
- अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट जज केतनजी ब्राउन जैक्सन
- म्यूज़िक आइकन मिली वैनिली के फैब मोर्वन
- हॉलीवुड एक्ट्रेस कैथी गार्वर
लेकिन दलाई लामा की आवाज़ की गहराई, सादगी और आध्यात्मिक प्रभाव ने जूरी और श्रोताओं का दिल जीत लिया।
क्यों खास है यह जीत?
दलाई लामा पहले ही नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं और अब ग्रैमी अवॉर्ड ने उनकी उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया है। यह जीत साबित करती है कि ग्रैमी सिर्फ संगीत तक सीमित नहीं, बल्कि स्टोरीटेलिंग और स्पोकेन-वर्ड की ताकत को भी उतनी ही अहमियत देता है।
आज की तेज़ रफ्तार और तनाव भरी दुनिया में दलाई लामा का शांति और करुणा का संदेश पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है। ग्रैमी मंच से यह संदेश पूरी दुनिया तक पहुँचना अपने-आप में बड़ी बात है।