जापान में भूकंप के बाद प्रभास को लेकर बढ़ी फैंस की टेंशन, ‘द राजा साब’ के डायरेक्टर ने दी उनकी सुरक्षा की जानकारी

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार प्रभास इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही में वह ‘बाहुबली: द एपिक’ के प्रमोशन के लिए जापान गए थे, जहां उन्हें देखने के लिए भारी संख्या में फैंस पहुंचे। लेकिन इसी दौरान जापान में आए शक्तिशाली भूकंप और उसके बाद जारी सुनामी अलर्ट ने उनके लाखों फैंस को चिंता में डाल दिया। सोशल मीडिया पर लोग लगातार प्रभास की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछने लगे।

प्रभास की सुरक्षा को लेकर बढ़ी फैंस की टेंशन

जैसे ही जापान में भूकंप की खबर आई, प्रभास के फैन पेजों पर संदेशों की बाढ़ आ गई। एक फैन ने एक्स पर लिखा, “जापान में भूकंप और सुनामी की चेतावनी है। हमारे हीरो वहीं हैं और उन्हें कल वापस आना है।” इस पोस्ट के बाद माहौल और गंभीर हो गया और फैंस लगातार अपडेट मांगने लगे।

जल्द ही प्रभास की अपकमिंग फिल्म ‘द राजा साब’ के डायरेक्टर मारूती ने खुद अपडेट देकर फैंस को शांत किया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने प्रभास से बात की है और वह सुरक्षित हैं। निर्देशक ने बताया कि प्रभास टोक्यो में नहीं हैं, इसलिए चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि भूकंप के समय प्रभास जापान में थे या पहले ही किसी अन्य लोकेशन पर चले गए थे।

तीन दिन पहले तक जापान में थे प्रभास

प्रभास ने तीन दिन पहले अपने इंस्टाग्राम पर जापान के प्रमोशन की तस्वीरें शेयर की थीं, जिससे पता चलता है कि वह हाल ही में वहां मौजूद थे। फैंस को डर था कि कहीं वह भूकंप प्रभावित इलाके में न हों। लेकिन डायरेक्टर के अपडेट ने इस तनाव को काफी हद तक कम कर दिया।

‘द राजा साब’ को लेकर बढ़ी उत्सुकता

फैंस की उत्सुकता सिर्फ उनकी सुरक्षा को लेकर ही नहीं है, बल्कि उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘द राजा साब’ को लेकर भी है। इस फिल्म का ट्रेलर कुछ समय पहले आया था और दर्शकों ने इसे जबरदस्त प्यार दिया। प्रभास के साथ फिल्म में मालविका मोहनन, निधी अग्रवाल और रिद्धी कुमार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।

‘द राजा साब’ अगले साल 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। प्रभास के करियर की यह एक अलग टोन वाली फिल्म मानी जा रही है, और इसके लिए फैंस में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *