दिल्ली में धमाकेदार कॉन्सर्ट के साथ खत्म हुआ एड शीरन का इंडिया टूर, सिंगर ने फैंस से किया बड़ा वादा

KNEWS DESK –  इंटरनेशनल सिंगर एड शीरन ने अपने ‘द मैथमैटिक्स टूर’ के दौरान भारत में धूम मचा दी। बेंगलुरु से शुरू हुए इस शानदार टूर का समापन दिल्ली में हुआ, जहां हजारों फैंस ने उनके गानों पर झूमते हुए इस म्यूजिकल सफर को यादगार बना दिया। एड शीरन ने अपने इस दौरे के दौरान भारतीय संगीत प्रेमियों को एक अनोखा अनुभव दिया और यहां के कई शहरों में परफॉर्म कर फैंस का दिल जीत लिया।

भारत में अलग-अलग शहरों में किया परफॉर्म

एड शीरन इससे पहले भारत में सिर्फ मुंबई में परफॉर्म कर चुके थे, लेकिन इस बार उन्होंने कुछ नया करने की ठानी। उन्होंने अपने फैंस को बताया कि इस बार वह भारत के अलग-अलग शहरों में शो करना चाहते थे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग उनके लाइव म्यूजिक का मजा ले सकें। बेंगलुरु, शिलॉन्ग और दिल्ली में हुए उनके शो शानदार रहे और हर शहर में एड शीरन के प्रति फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

दिल्ली में हुआ भव्य समापन, लीसा मिश्रा ने खोला शो

15 फरवरी को दिल्ली के लीजर वैली ग्राउंड में एड शीरन के टूर का सबसे बड़ा और आखिरी शो हुआ। इस म्यूजिकल नाइट की शुरुआत भारतीय सिंगर लीसा मिश्रा ने की, जिन्होंने अपनी जबरदस्त परफॉर्मेंस से माहौल बना दिया। उनके गानों के बाद, फैंस बेसब्री से एड शीरन का इंतजार करने लगे।

जब एड शीरन स्टेज पर आए तो फैंस की खुशी देखने लायक थी। खास बात यह थी कि उन्होंने “दिल्ली” लिखी हुई टी-शर्ट पहनी थी, जिससे भारतीय फैंस का जोश और भी बढ़ गया। उन्होंने अपने पॉपुलर सॉन्ग ‘कैसल ऑन द हिल’ से परफॉर्मेंस की शुरुआत की और उसके बाद अपने फैंस से बातचीत भी की।

एड शीरन ने इस म्यूजिकल इवेंट को यादगार बनाने के लिए अपने हिट गानों की एक शानदार प्लेलिस्ट तैयार की थी। उन्होंने ‘थिंकिंग आउट लाउड’, ‘फोटोग्राफ’, ‘यू नीड मी, आई डोंट नीड यू’, ‘डोंट’, ‘गिव मी लव’ और ‘लेगो हाउस’ जैसे सुपरहिट गाने गाकर स्टेडियम में म्यूजिक का जादू बिखेरा।

एड शीरन न सिर्फ अपनी परफॉर्मेंस बल्कि अपने भारतीय अनुभव को भी खास बनाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली के कई मशहूर इलाकों में घूमे और उन्हें पुरानी दिल्ली का माहौल बेहद पसंद आया

फैंस से किया बड़ा वादा

शो के आखिर में एड शीरन ने अपने भारतीय फैंस को एक बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि यह उनका आखिरी टूर नहीं था और वे जल्द ही भारत वापस आएंगे। उनके इस वादे ने फैंस को बेहद खुश कर दिया। एड शीरन के इस टूर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। फैंस ने उनके परफॉर्मेंस को “मैजिक नाइट” करार दिया और कई लोगों ने इस अनुभव को “लाइफटाइम मेमोरी” बताया।