‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम, आधे दिन में ही तोड़े बड़े रिकॉर्ड, 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग रणवीर के नाम

KNEWS DESK- रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है। फिल्म ने कुछ ही घंटों में ऐसी कमाई की है कि इसे 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म माना जा रहा है।

19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने आधे दिन में ही 30 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोपहर तक फिल्म करीब 33 करोड़ रुपये कमा चुकी थी। यह आंकड़ा ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट के ओपनिंग डे कलेक्शन (28.60 करोड़) से भी ज्यादा है।

सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’, जो अब तक 2026 की सबसे बड़ी ओपनर थी (32.10 करोड़), उसे ‘धुरंधर 2’ ने सिर्फ आधे दिन में पीछे छोड़ दिया। इस तरह रणवीर सिंह की फिल्म ने साल की सबसे बड़ी ओपनिंग का खिताब अपने नाम कर लिया है।

एडवांस बुकिंग में भी बनाया दबदबा

ओपनिंग डे के लिए फिल्म ने 50 करोड़ से ज्यादा की एडवांस बुकिंग कर ली थी। रिलीज से पहले हुए पेड प्रीव्यू में ही 43 करोड़ रुपये की कमाई। कुल मिलाकर अब तक फिल्म 75 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर चुकी है।

जिस रफ्तार से ‘धुरंधर 2’ कमाई कर रही है, उसे देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म पहले दिन 100 करोड़ नेट कलेक्शन का आंकड़ा छू सकती है।

थिएटर्स में फुल हाउस, बढ़ रहा क्रेज

फिल्म के दोपहर बाद के शोज़ तेजी से भर रहे हैं। पॉजिटिव रिव्यू और वर्ड ऑफ माउथ का असर साफ दिख रहा है। शाम और रात के शोज़ में भारी भीड़ की उम्मीद। हर घंटे टिकट बिक्री के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं।

‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के पहले ही दिन यह साबित कर दिया है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस का तूफान है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह फिल्म पहले दिन 100 करोड़ का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर पाएगी और आने वाले दिनों में कितने नए रिकॉर्ड बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *