20 करोड़ के नोटिस से घिरे धनुष, प्रोडक्शन हाउस ने खोला मोर्चा, क्या मुश्किल में पड़ेंगी नई फिल्में?

KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के चर्चित अभिनेता धनुष एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं, बल्कि एक कानूनी विवाद है। अभिनेता को एक प्रोडक्शन हाउस की ओर से 20 करोड़ रुपये के हर्जाने का नोटिस भेजा गया है। मामला साल 2016 से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसने अब तूल पकड़ लिया है।

Dhanush को भेजा गया 20 करोड़ का नोटिस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नोटिस Thenandal Films की ओर से भेजा गया है। प्रोडक्शन हाउस का आरोप है कि धनुष ने 2016 में ‘नान रुद्रन’ नाम की एक फिल्म साइन की थी। उस समय अभिनेता ने फिल्म में अभिनय के साथ-साथ निर्देशन की भी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया था।

हालांकि, प्रोडक्शन कंपनी का दावा है कि बाद में यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाया और फिल्म की शूटिंग शुरू ही नहीं हो सकी। आरोप है कि धनुष ने स्क्रीनप्ले का काम समय पर पूरा नहीं किया, जिसके चलते पूरी योजना ठप हो गई।

प्रोजेक्ट अधूरा, नुकसान भारी

कंपनी के वकील ए. चिदंबरम के जरिए भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म के लिए प्रारंभिक तैयारियां कर ली थीं और निवेश भी किया था। लेकिन प्रोजेक्ट के रुक जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि फिल्म पूरी किए बिना धनुष ने अन्य फिल्मों में काम शुरू कर दिया, जिससे कंपनी को और झटका लगा। इसी आधार पर प्रोडक्शन हाउस ने 20 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।

धनुष इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में यह कानूनी विवाद उनके आगामी प्रोजेक्ट्स पर असर डाल सकता है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल अभिनेता या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *