KNEWS DESK – पैरानॉर्मल एक्टिविटी को लेकर लोगों की राय हमेशा से बंटी रही है। कोई इसे कल्पना मानता है तो कोई इसे एनर्जी का खेल कहता है। लेकिन कभी-कभी ऐसे अनुभव भी सामने आते हैं, जो अविश्वास करने वालों को भी सोचने पर मजबूर कर देते हैं। फिल्म एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साहिबा बाली के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है, जिसने फैंस के बीच हलचल मचा दी है।
साहिबा बाली ने हाल ही में अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो शेयर कर अपने घर में घट रही अजीब घटनाओं के बारे में बताया। सेल्फी वीडियो में साहिबा ने खुलासा किया कि उनके घर में कुछ चीजें रहस्यमय तरीके से गायब हो रही हैं। उन्होंने कहा कि टेबल पर उन्होंने मिस्र से लाए हुए खजूर, मकबरा, क्रिस्टल और कुछ ज्वेलरी रखी थी, लेकिन अब मकबरा और क्रिस्टल बिना किसी वजह के गायब हो गए हैं।
साहिबा ने वीडियो में यह भी बताया कि मिस्र का मकबरा मृत्यु का प्रतीक होता है, जबकि क्रिस्टल का संबंध पिरामिड से होता है। इस बात ने उनके अनुभव को और भी रहस्यमय बना दिया। हालांकि, चूंकि यह वीडियो इंस्टा स्टोरी पर था, इसलिए 24 घंटे बाद वह अपने आप इंस्टाग्राम से हट चुका है।
फैंस का मिला-जुला रिएक्शन
साहिबा के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ यूजर्स ने इसे डरावना करार दिया, तो कुछ ने इसे महज पब्लिसिटी स्टंट बताया। एक यूजर ने लिखा, “ये वाकई डराने वाला है,” वहीं दूसरे ने चुटकी लेते हुए कहा, “खबरों में आने का बढ़िया तरीका है।” कुछ फैंस ने साहिबा को सलाह दी कि वह जल्द से जल्द अपना घर बदल लें। फिलहाल, साहिबा ने इस मुद्दे पर कोई आगे की अपडेट नहीं दी है, लेकिन उनके इस अनुभव ने एक बार फिर पैरानॉर्मल एक्टिविटी को लेकर चर्चा जरूर छेड़ दी है।