KNEWS DESK – ‘कांटा लगा’ फेम और ‘बिग बॉस 13’ की लोकप्रिय कंटेस्टेंट शेफाली जरीवाला के आकस्मिक निधन ने पूरे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। 42 वर्षीय एक्ट्रेस और मॉडल ने 27 जून की देर रात अंतिम सांस ली। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, शेफाली को कार्डियक अरेस्ट आया था, जो उनकी मौत का प्रमुख कारण बताया जा रहा है। इस खबर के सामने आते ही इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों और फैंस ने सोशल मीडिया पर शोक जताया है।
इंडस्ट्री में पसरा मातम, सितारों ने साझा की भावनाएं
शेफाली के आकस्मिक निधन पर टीवी और फिल्म जगत के कई सितारों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
अली गोनी ने लिखा,”शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर से स्तब्ध और दुखी हूं। उनकी हंसी और जिंदादिली हमेशा याद रहेगी।”
मीका सिंह ने लिखा,”मेरी दोस्त शेफाली, तुम्हारी मुस्कान और ऊर्जा को कोई नहीं भूल सकता। तुम बहुत जल्दी चली गईं। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।”
दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “यह विश्वास करना मुश्किल है कि शेफाली अब हमारे बीच नहीं हैं। उनकी जीवंतता हर मुलाकात में छलकती थी।”
कुशाल टंडन ने शेफाली को याद करते हुए लिखा, “वह एक जिंदादिल इंसान थीं, जिन्होंने हर पल को खुलकर जिया। यह खबर दिल तोड़ने वाली है।”
राजीव अदातिया ने लिखा,”यह बहुत दुखद है। शेफाली की ऊर्जा और सकारात्मकता हमेशा याद रहेगी।”
मोनालिसा ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा,”शेफाली का यूं चले जाना अविश्वसनीय है। उनकी हंसी और दोस्ती हमेशा याद रहेगी।”
https://x.com/AlyGoni/status/1938679592182825138
फैंस ने भी दी श्रद्धांजलि
शेफाली जरीवाला के फैंस भी उनकी मौत से बेहद दुखी हैं। सोशल मीडिया पर उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट और ‘कांटा लगा’ वीडियो को शेयर करते हुए भावुक संदेश लिखे जा रहे हैं।
एक फैन ने लिखा, “कांटा लगा गर्ल अब हमारे बीच नहीं रहीं। उनकी मुस्कान, उनकी अदाएं हमेशा याद आएंगी।” एक अन्य यूजर ने लिखा,”समय का कोई भरोसा नहीं। इतनी कम उम्र में उनका जाना बेहद दुखद है।” एक पोस्ट के मुताबिक, शेफाली के दोस्त विक्की लालवानी ने बताया कि उनके पति पराग त्यागी उन्हें अस्पताल लेकर गए थे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें ब्रॉट डेड घोषित कर दिया।
‘कांटा लगा’ से स्टारडम तक का सफर
शेफाली जरीवाला ने 2002 में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। उनका बोल्ड लुक और जबरदस्त डांस स्टाइल उन्हें रातोंरात स्टार बना गया। इस गाने को यूट्यूब पर 10 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया, जो उस दौर के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी। एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया था कि उन्होंने यह गाना सिर्फ 7,000 रुपये में और मजे के लिए शूट किया था। इसके बाद शेफाली ने ALT बालाजी की वेब सीरीज़ ‘बेबी कम ना’ में श्रेयस तलपड़े के साथ मुख्य भूमिका निभाई। 2024 में, वह टीवी शो ‘शैतानी रस्में’ में भी नजर आई थीं, जिससे उन्होंने एक बार फिर दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।