बॉडी-बिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन का आज जालंधर में होगा अंतिम संस्कार, 2027 में चुनाव लड़ने का किया था ऐलान

KNEWS DESK – फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर बॉडी-बिल्डर और एक्टर वरिंदर सिंह घुम्मन का हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया है। उनकी अचानक हुई मौत से बॉलीवुड और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सलमान खान की फिल्म टाइगर 3 में नजर आ चुके वरिंदर अपनी फिटनेस और शाकाहारी बॉडी-बिल्डिंग के लिए जाने जाते थे।

अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में हुआ निधन

जानकारी के मुताबिक, वरिंदर बाइसेप्स की एक माइनर सर्जरी के लिए अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थे। सर्जरी सामान्य थी, लेकिन इसी दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आ गया, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। बताया जा रहा है कि सर्जरी के समय वरिंदर अकेले ही अस्पताल में थे।

https://www.instagram.com/p/DOJNOy0DwEk/

वरिंदर सिंह घुम्मन का अंतिम संस्कार आज यानी 10 अक्टूबर को उनके गृह जिले जालंधर में किया जाएगा। परिवार, दोस्तों और फैंस के बीच उनके निधन की खबर से गहरा शोक है।

https://www.instagram.com/p/DPiT8paj3Fw/

वायरल हुआ आखिरी पोस्ट

वरिंदर का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, उन्होंने हाल ही में दिवंगत सिंगर राजवीर जवंदा को श्रद्धांजलि देते हुए एक पोस्ट साझा किया था। उन्होंने राजवीर की तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा था – “पंजाबी इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान हुआ है। वाहेगुरु राजवीर के परिवार को इस दुख से निकलने की शक्ति दें।” अब वरिंदर के निधन के बाद यह पोस्ट और भी भावुक कर देने वाला बन गया है।

बॉलीवुड में भी बनाई पहचान

पंजाब से ताल्लुक रखने वाले वरिंदर सिंह घुम्मन ने अपने करियर की शुरुआत बॉडी-बिल्डिंग से की थी। साल 2009 में उन्होंने मिस्टर इंडिया का खिताब अपने नाम किया था। वो दुनिया के पहले शुद्ध शाकाहारी अंतरराष्ट्रीय बॉडी-बिल्डर के रूप में भी पहचाने जाते थे। बॉलीवुड में उन्होंने टाइगर 3 के अलावा फिल्म मरजावां (2019) में भी अहम भूमिका निभाई थी।

एक्टर और फिटनेस आइकन होने के साथ वरिंदर का रुझान राजनीति की ओर भी था। उन्होंने कुछ समय पहले यह ऐलान किया था कि वे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।