KNEWS DESK – टीवी और रियलिटी शो की दुनिया के चमकते सितारे शिव ठाकरे इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। ‘बिग बॉस 16’ फेम इस एक्टर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की, जिसने उनके फैंस और मीडिया दोनों में नई हलचल मचा दी है। फोटो और उसके कैप्शन के चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि शिव ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है, हालांकि, अब तक उन्होंने खुद इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मराठी दूल्हे के लिबास में नजर आए शिव
शिव ठाकरे ने इंस्टाग्राम पर जो फोटो शेयर की है, उसमें वह मराठी स्टाइल में दूल्हे का लिबास पहने दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ एक मिस्ट्री गर्ल भी है, जिसका चेहरा उन्होंने कैमरे से छुपाया हुआ है। फोटो में बैकग्राउंड भी शादी के फंक्शन जैसा सजाया गया है, जिसमें रिश्तेदार और शादी का माहौल साफ नजर आता है। इस फोटो को देखकर यही लग रहा है कि शिव ने किसी के साथ शादी कर ली है।
शिव ठाकरे ने इस फोटो के कैप्शन में केवल “फाइनली” लिखा है। इस छोटे से शब्द ने सोशल मीडिया पर लोगों में चर्चा का नया बवंडर पैदा कर दिया। फैंस और मीडिया ने इसे संकेत मानते हुए दावा किया कि शिव ने मराठी रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली है। वहीं, कुछ लोग इसे किसी शूटिंग का हिस्सा भी मान रहे हैं। फिलहाल इस मामले में अधिक स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
https://www.instagram.com/p/DTZUwzxCCzL/?
सेलेब्स भी हुए हैरान
शिव की इस मिस्ट्री गर्ल के साथ फोटो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। इस मौके पर कई सेलेब्स ने भी प्रतिक्रिया दी। भारती सिंह: “ये कब हुआ भाई? बधाई।” अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन, आकांक्षा पुरी, ऐश्वर्या शर्मा, जेमी लिवर सहित कई अन्य ने भी कमेंट कर बधाई दी।
शिव ठाकरे के बारे में
शिव ठाकरे का पूरा नाम शिव मनोहरराव उत्तमराो झिंगुजी गणूजी ठाकरे है। उनका जन्म 1989 में अमरावती, महाराष्ट्र में हुआ। वह सिर्फ एक्टर ही नहीं, बल्कि टीवी रियलिटी स्टार, डांसर, कोरियोग्राफर और बिजनेसमैन भी हैं। शिव ने अपने करियर की शुरुआत एमटीवी रोडीज राइजिंग 2017 से की थी और सेमीफाइनल तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने बिग बॉस मराठी सीजन 2 जीता और मराठी इंडस्ट्री में लोकप्रिय हो गए। फिर उन्होंने बिग बॉस 16 में हिस्सा लिया और इसके फर्स्ट रनरअप रहे। इसके अलावा, 2023 में वे खतरों के खिलाड़ी 13 में भी नजर आए।
शिव का परिवार भी साधारण था; उनके पिता पान की दुकान में काम करते थे और शिव ने बचपन में दूध के पैकेट और अखबार बेचकर परिवार की मदद की। मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने अपने करियर में बड़ा मुकाम हासिल किया है।