KNEWS DESK – मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल (UK07 Rider) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। बीती रात अनुराग ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसके बाद उनका भयानक कार एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में उनकी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल अनुराग अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
मैनेजर ने दी लेटेस्ट जानकारी
अनुराग डोभाल के मैनेजर रोहित पांडे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर कर उनकी सेहत को लेकर ताजा जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अनुराग अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं और फिलहाल ऑब्जर्वेशन में रखे गए हैं।
पोस्ट में रोहित पांडे ने लिखा कि अनुराग के करीबी दोस्त, परिवार के सदस्य और उनकी भाभी इस समय अस्पताल में मौजूद हैं और उनके साथ हैं।
अफवाहें फैलाने से किया मना
अपने पोस्ट में मैनेजर ने लोगों से अपील की कि इस संवेदनशील समय में किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी फैलाने से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति को इस घटना के लिए निशाना न बनाया जाए और न ही किसी के खिलाफ नफरत फैलाई जाए।

उन्होंने लिखा कि टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी से अनुरोध है कि अनुराग के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करें।
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बीती रात अनुराग डोभाल इंस्टाग्राम पर लाइव आए थे। इस दौरान वह बेहद परेशान और भावुक नजर आ रहे थे। लाइव के दौरान वह तेज रफ्तार में कार चला रहे थे और उन्होंने इसे अपनी “आखिरी ड्राइव” बताया। इसी दौरान उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। अनुराग डोभाल के फैंस और कई सोशल मीडिया यूजर्स उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।