जाह्नवी कपूर की दादी के निधन से बेहद इमोशनल हुईं अनन्या पांडे, रोते हुए वीडियो हुआ वायरल

KNEWS DESK – बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है, क्योंकि दिग्गज फिल्म निर्माता बोनी कपूर और अभिनेता अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर का शुक्रवार शाम निधन हो गया। 90 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद कपूर परिवार के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री गमगीन हो गई।

कोकिलाबेन अस्पताल में हुआ निधन

एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोकिलाबेन अस्पताल के सीईओ डॉ. संतोष शेट्टी ने बताया कि निर्मल कपूर का शाम 5:25 बजे शांतिपूर्वक निधन हुआ। जैसे ही यह दुखद समाचार सामने आया, बोनी कपूर तुरंत अपनी मां के घर पहुंचे। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य और फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

बोनी कपूर की बेटी जाह्नवी कपूर अपने कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया के साथ अपनी दादी को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। इस भावुक मौके पर जाह्नवी की करीबी दोस्त अनन्या पांडे और शनाया कपूर भी उनके साथ नजर आईं।

अनन्या पांडे की आंखों से थमे नहीं आंसू

इस दुखद मौके पर अनन्या पांडे बेहद भावुक नजर आईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अनन्या सफेद एथनिक सूट में रोती हुई दिखाई दीं। वह बार-बार अपनी आंखों से आंसू पोंछती दिखीं। उनके चेहरे पर दुख साफ झलक रहा था। सुहाना खान, वेदांग रैना, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, और सोनम कपूर जैसी हस्तियां भी निर्मल कपूर को अंतिम विदाई देने पहुंचीं। सोनम कपूर तो दादी के निधन की खबर सुनते ही तुरंत मुंबई लौट आईं।