KNEWS DESK – साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी दरियादिली की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में जहां उनके भाई अल्लू सिरीश की शादी चर्चा में रही, वहीं अब ‘पुष्पा’ स्टार एक जरूरतमंद एक्ट्रेस की मदद कर लोगों का दिल जीत रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी फैंस उनके इस कदम की खूब सराहना कर रहे हैं।
आर्थिक संकट में घिरीं पावला श्यामला
साउथ की जानी-मानी एक्ट्रेस पावला श्यामला इन दिनों आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। 250 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी इस अनुभवी कलाकार की हालत ऐसी हो गई कि उन्हें अपने अवॉर्ड्स तक बेचने पड़े। लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं और पैसों की कमी के कारण उनका जीवन मुश्किलों में गुजर रहा है। बताया जा रहा है कि फिलहाल वह अपनी बेटी के साथ एक वृद्धाश्रम में रह रही हैं।
जैसे ही पावला श्यामला की हालत की खबर अल्लू अर्जुन तक पहुंची, उन्होंने तुरंत उनकी मदद करने का फैसला किया। ‘पुष्पा’ स्टार ने हर महीने एक्ट्रेस को 10 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं, उनकी जरूरी दवाइयों और दैनिक जरूरतों का खर्च भी उठाने की जिम्मेदारी ली है।
दूसरे सितारे भी आए आगे
पावला श्यामला की मदद के लिए सिर्फ अल्लू अर्जुन ही नहीं, बल्कि साउथ के कई बड़े सितारे भी आगे आए हैं। मेगास्टार चिरंजीवी और पवन कल्याण ने भी एक्ट्रेस की आर्थिक मदद की है। इन कलाकारों ने उनकी स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता पहुंचाई और उनके इलाज में सहयोग किया।
अल्लू अर्जुन के इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोग इसे साउथ इंडस्ट्री की एकता और कलाकारों के आपसी सम्मान का उदाहरण बता रहे हैं।