अनुराग डोभाल के सुसाइड अटेम्प्ट पर बोले अली गोनी, ट्रोलर्स की लगाई फटकार

KNEWS DESK – मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोभाल (UK07 Rider) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक भावुक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ और पारिवारिक समस्याओं के बारे में खुलकर बात की थी।

इसी के बाद बीती रात अनुराग ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान आत्महत्या करने की कोशिश की। उस समय वह कार चला रहे थे और लाइव स्ट्रीमिंग के बीच उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, इस दौरान उनकी कार का भयानक एक्सीडेंट हो गया, लेकिन गनीमत रही कि उनकी जान बच गई। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

अनुराग डोभाल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने उनके फैंस को काफी परेशान कर दिया है। कई लोग उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया, जिस पर अब टीवी एक्टर अली गोनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

ट्रोलर्स पर भड़के अली गोनी

अली गोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए ट्रोल करने वालों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अनुराग ने अपने दर्द को दुनिया के सामने रखा और लोगों से समर्थन की उम्मीद की, लेकिन बदले में उन्हें मजाक और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

अली गोनी ने कहा, “उस लड़के ने वीडियो शेयर कर दुनिया के सामने बताया कि वो किस दौर से गुजर रहा है। उसके कुछ पारिवारिक मसले हैं और हमें उसमें दखल नहीं देना चाहिए। लेकिन लोगों ने उसे सपोर्ट देने की बजाय उसका मजाक उड़ाया। अब पता चला कि उसने सुसाइड की कोशिश की है। मैं उम्मीद करता हूं कि वो ठीक हो जाए। जो लोग उसका मजाक बना रहे हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए।”

पारिवारिक विवाद से थे परेशान

जानकारी के मुताबिक, अनुराग डोभाल ने 3 मई 2025 को ऋतिका से शादी की थी। बाद में सितंबर में इस कपल ने प्रेग्नेंसी की खबर भी साझा की थी। लेकिन हाल ही में अनुराग ने बताया कि उनकी पत्नी उनसे अलग रह रही हैं।

यूट्यूबर के मुताबिक, उनकी इंटरकास्ट मैरिज की वजह से परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके माता-पिता और भाई उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं, जिसकी वजह से वह काफी समय से तनाव और डिप्रेशन में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *