अक्षरा सिंह का खेसारी पर बड़ा हमला, बोलीं- काम के लिए बदल गए, अब नहीं रहा पुराना भोलापन

KNEWS DESK – भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर बयानबाज़ी को लेकर हलचल तेज हो गई है। एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को लेकर कई तीखे बयान दिए, जिसके बाद दोनों के रिश्तों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

“पहले वाले भोले खेसारी अब नहीं रहे”

अक्षरा सिंह ने बातचीत के दौरान कहा कि जब खेसारी इंडस्ट्री में नए थे, तब वह काफी अलग थे। उन्होंने बताया कि उस समय खेसारी में सीखने की ललक थी और वह डांस तक सीखना चाहते थे। अक्षरा के मुताबिक, दोनों के बीच दोस्ती थी और को-एक्टर्स के तौर पर उन्होंने एक-दूसरे की मदद भी की। उन्होंने कहा, “वो गांव से आए एक क्यूट और मेहनती लड़के थे, जिनमें कुछ सीखने का जुनून था। उस वक्त उनका स्वभाव काफी सरल था।”

“समय के साथ बदल गए”

हालांकि अक्षरा का कहना है कि समय के साथ खेसारी में काफी बदलाव आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वह अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए रिश्तों का भी इस्तेमाल करने लगे हैं।
अक्षरा ने कहा कि खेसारी ने कई मंचों पर उनके नाम को लेकर ऐसी बातें कहीं जो उन्हें पसंद नहीं आईं। उनके मुताबिक, बिना पूरी सच्चाई जाने किसी के बारे में बयान देना ठीक नहीं है।

“इज्जत नहीं देंगे तो हम भी पलटकर नहीं देखेंगे”

अक्षरा ने साफ कहा कि अब वह खेसारी के संपर्क में नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मेरा सीधा फंडा है—आप हमें इज्जत नहीं देंगे, तो हम भी पलटकर नहीं देखेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई उनके सामने ऐसी बात कहता, तो वह उसी वक्त जवाब देतीं। उनका मानना है कि सार्वजनिक मंच पर बोलने से पहले सोच-समझकर शब्दों का चयन करना चाहिए।

नाराज़गी की वजह

अक्षरा ने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें किसी ने एक वीडियो दिखाया, जिसमें खेसारी उनके नाम को लेकर टिप्पणी करते नजर आए। इसी बात से वह आहत हुईं। उन्होंने इसे “बेवकूफी और बेहूदगी” बताया और कहा कि बिना गहराई में जाए किसी के बारे में कुछ भी कहना गलत है।

हालांकि उन्होंने यह भी माना कि फिलहाल खेसारी की ओर से कोई नया बयान नहीं आया है और मामला शांत होता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *