‘किंग’ के बाद अब हॉरर फिल्म में एंट्री करेंगे अभिषेक बच्चन, सिद्धार्थ आनंद का नया दांव

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन इन दिनों अपनी आने वाली बड़ी फिल्म किंग को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में वह एक खतरनाक विलेन के रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म की शूटिंग फिलहाल मुंबई में चल रही है और हाल ही में इसका एक अहम फ्लैशबैक सीन शूट किया गया, जिसमें शाहरुख खान, रानी मुखर्जी, सुहाना खान और अभिषेक बच्चन साथ दिखाई दिए।

अभिषेक बच्चन ने अपने करियर में कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जिन्हें दर्शकों और आलोचकों ने काफी सराहा है। भले ही कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई न की हो, लेकिन उनकी परफॉर्मेंस ने हमेशा यह साबित किया है कि अच्छी फिल्में सिर्फ कमाई से नहीं, बल्कि मजबूत कहानी और अभिनय से भी यादगार बनती हैं।

अब हॉरर थ्रिलर में नजर आएंगे अभिषेक

इसी बीच अब अभिषेक बच्चन को लेकर एक नई खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह जल्द ही एक हॉरर थ्रिलर फिल्म में नजर आ सकते हैं। इस प्रोजेक्ट के पीछे भी सिद्धार्थ आनंद का हाथ बताया जा रहा है, जो फिल्म किंग के निर्देशक भी हैं।

बताया जा रहा है कि यह फिल्म Marflix Pictures के बैनर तले बनाई जाएगी। हालांकि इसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद के किसी करीबी फिल्ममेकर द्वारा किया जा सकता है, जबकि सिद्धार्थ खुद इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस करेंगे।

लोककथा पर आधारित होगी कहानी

रिपोर्ट के अनुसार, यह फिल्म भारतीय लोककथाओं से प्रेरित एक हॉरर थ्रिलर होगी, जिसकी कहानी पिता और बेटी के भावनात्मक रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमेगी। फिल्म में बड़े स्तर के विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि दर्शकों को थिएटर में एक अलग और शानदार अनुभव मिल सके।

मेकर्स का मकसद इस फिल्म को भारत में बनी पारंपरिक हॉरर फिल्मों से अलग बनाना है। बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ आनंद इस प्रोजेक्ट के जरिए हॉरर जॉनर को मेनस्ट्रीम कमर्शियल सिनेमा में और मजबूत जगह दिलाना चाहते हैं।

पहली बार हॉरर जॉनर में कदम

दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक बच्चन ने अब तक किसी हॉरर फिल्म में काम नहीं किया है। ऐसे में यह उनके करियर की पहली हॉरर थ्रिलर हो सकती है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म में उनका किरदार दमदार और भावनात्मक दोनों तरह की परफॉर्मेंस की मांग करेगा।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिषेक बच्चन फिल्म राजा शिवाजी का भी हिस्सा बताए जा रहे हैं, जिसमें रितेश देशमुख मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में सलमान खान का कैमियो भी देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *