तिहाड़ जेल से रिहाई के बाद राजपाल यादव की इंडस्ट्री से अपील, बोले— ‘मुझे काम दें’…

KNEWS DESK- बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव 12 दिन तिहाड़ जेल में रहने के बाद रिहा हो गए हैं। 9 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़े मामले में उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली है। 17 फरवरी को जेल से बाहर आने के बाद अभिनेता ने मीडिया से बातचीत में अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया और फिल्म इंडस्ट्री से काम देने की अपील भी की।

रिहाई के बाद क्या बोले राजपाल यादव?

इंडिया टीवी से बातचीत में राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें हर पीढ़ी के दर्शकों से भरपूर प्यार मिला है। उन्होंने कहा,
“मुझे सपोर्ट करने के लिए आप लोगों का बहुत शुक्रिया। बच्चों से लेकर हर उम्र के लोगों ने मेरे इस सफर में मुझे प्यार दिया है। मैं आप सभी का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि वे उन लोगों के भी आभारी हैं जिन्होंने सोशल मीडिया पर उनका समर्थन किया, साथ ही उन लोगों के भी जिन्होंने उनकी आलोचना की। उनके मुताबिक, दुआ और आशीर्वाद ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देते हैं।

इंडस्ट्री से मांगा काम

राजपाल यादव ने फिल्म इंडस्ट्री से एक बार फिर सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहले उनकी मदद की है, वे उन्हें अच्छे किरदार देकर दोबारा समर्थन कर सकते हैं। अभिनेता ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा,“जिन्होंने मदद की है, वो एक और मदद कर दें। किरदार मेरी मर्जी का और पैसा उनकी मर्जी का।”

तिहाड़ जेल का अनुभव किया साझा

राजपाल यादव ने जेल में बिताए समय को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि तिहाड़ जेल अच्छी तरह मैनेज की गई है और वहां का खाना भी ठीक था।हालांकि, वे फिलहाल अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत पर बाहर आए हैं। उन्हें 18 मार्च तक की राहत मिली है, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।

क्यों जाना पड़ा जेल?

राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में जेल जाना पड़ा। उन्होंने अपनी डेब्यू डायरेक्टोरियल फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म के फ्लॉप होने के कारण वे रकम लौटा नहीं सके।

मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंचा और अंततः अभिनेता को सरेंडर कर जेल जाना पड़ा। फिलहाल उन्हें अंतरिम जमानत मिल चुकी है, लेकिन केस अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

राजपाल यादव के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण जरूर रहा है, लेकिन रिहाई के बाद उन्होंने सकारात्मक रुख दिखाया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि वे कानूनी प्रक्रिया से राहत पाने के साथ-साथ इंडस्ट्री में एक नई शुरुआत कैसे करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *