KNEWS DESK – 90 के दशक के बच्चों के दिलों पर राज करने वाला आइकॉनिक टीवी चैनल MTV अब बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। करीब 44 सालों तक म्यूजिक, फैशन और यूथ कल्चर को नई पहचान देने वाला यह चैनल अब धीरे-धीरे ऑडियंस की नजरों से ओझल होता जा रहा है। एक दौर था जब टीवी ऑन करते ही सबसे पहले MTV लगाया जाता था, लेकिन सोशल मीडिया और OTT प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते चलन ने इस चैनल की चमक फीकी कर दी है।
क्यों था MTV 90s किड्स के लिए इतना खास?
90 के दशक में MTV सिर्फ एक चैनल नहीं, बल्कि एक ट्रेंड था। बॉलीवुड से लेकर इंटरनेशनल पॉप और पंजाबी म्यूजिक तक—हर नया और ट्रेंडिंग गाना सबसे पहले MTV पर ही देखा और सुना जाता था। चाहे लेट नाइट म्यूजिक सेशन हो या दोस्तों के साथ गाने डिस्कस करना, MTV हर युवा की लाइफ का हिस्सा बन चुका था।
म्यूजिक के साथ रियलिटी शोज का तड़का
MTV ने सिर्फ गानों तक खुद को सीमित नहीं रखा। इस चैनल ने ऐसे रियलिटी शोज दिए, जिन्होंने टीवी एंटरटेनमेंट की परिभाषा ही बदल दी। ‘रोडीज’ ने यूथ को एडवेंचर और रियलिटी का नया टेस्ट दिया, वहीं ‘स्प्लिट्सविला’ ने रिलेशनशिप और ड्रामा को ट्रेंड बना दिया। इन शोज ने न सिर्फ नए चेहरे दिए, बल्कि यूथ को खुद से जोड़ने का काम भी किया।
पॉप कल्चर से कराया परिचय
MTV ने भारतीय ऑडियंस को ग्लोबल पॉप कल्चर से रूबरू कराया। एमिनेम, माइकल जैक्सन, मडोना और ब्रिटनी स्पीयर्स जैसे इंटरनेशनल सितारों के गाने इसी चैनल के जरिए घर-घर पहुंचे। इसके अलावा निखिल चोपड़ा, साइरस ब्रॉचा और मिनी माथुर जैसे मशहूर वीडियो जॉकी भी MTV की ही देन हैं, जिन्होंने अपने स्टाइल और अंदाज से चैनल को अलग पहचान दिलाई।
अब क्यों बंद हो रहा है MTV?
90s और 2000 के शुरुआती दौर में MTV का क्रेज चरम पर था। इस चैनल ने फैशन, म्यूजिक और लाइफस्टाइल के ट्रेंड सेट किए। लेकिन वक्त के साथ ऑडियंस की आदतें बदल गईं। आज के दौर में लोग यूट्यूब, इंस्टाग्राम, रील्स और OTT प्लेटफॉर्म्स पर ज्यादा समय बिताते हैं। म्यूजिक और एंटरटेनमेंट अब एक क्लिक पर मोबाइल में उपलब्ध है। इसी बदलाव ने MTV जैसे टीवी चैनल की लोकप्रियता को धीरे-धीरे कम कर दिया।